छात्रसंघ चुनाव सहित कई मांगों पर सुखाड़िया विश्वविद्यालय में भूख हड़ताल शुरू
Share
प्रोफेसर पर प्रताड़ना के आरोप भी उठे, मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
उदयपुर, 4 अगस्त: मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों ने प्रशासनिक भवन के बाहर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। छात्र नेता कुणाल सेन, सूरज सिखवाल और जेके मीणा के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन में विद्यार्थियों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी होने तक धरना और भूख हड़ताल जारी रहेगी।
आंदोलनकारी छात्रों ने विश्वविद्यालय में लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव नहीं होने पर लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व समाप्त होने का आरोप लगाया। साथ ही लंबित इंटरनल एवं एक्सटर्नल परीक्षाएं एक माह के भीतर कराने, छात्रसंघ शुल्क का हिसाब सार्वजनिक करने तथा छात्रों की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
छात्र नेता कुणाल सेन ने साइंस कॉलेज के जूलॉजी एवं फूड साइंस विभाग के एक प्रोफेसर पर छात्र-छात्राओं और गेस्ट फैकल्टी के साथ प्रताड़ना के आरोप भी लगाए। उनका कहना है कि इस संबंध में कुलपति और रजिस्ट्रार को ज्ञापन सौंपा जा चुका है।
वहीं छात्र नेता जेके मीणा ने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के लिए मुकदमे दर्ज कराने से आंदोलन नहीं रुकेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक आंदोलन को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

