चंद्रमोलेश्वर एवं चारभुजानाथ मंदिर में गूंजे रामायण के स्वर, महाआरती के साथ अखंड पाठ सम्पन्न
Share
कुराबड़, 19 जुलाई: कस्बे के ऐतिहासिक चंद्रमोलेश्वर महादेव एवं चारभुजानाथ मंदिर परिसर में आयोजित अखंड रामायण पाठ का रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ समापन हुआ। मंदिर के हाल ही में हुए जीर्णोद्धार के बाद यह पहला प्रमुख धार्मिक आयोजन रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया।
हाल ही में मंदिर परिसर में शिखर कलश स्थापना एवं ध्वजदंड प्रतिष्ठा के बाद धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। दो दिवसीय पाठ के दौरान पूरे मंदिर परिसर में राम नाम के जयघोष और भक्ति रस की धारा प्रवाहित होती रही। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ पाठ में सहभागिता निभाई।
समापन अवसर पर आयोजित भव्य महाआरती में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इसके बाद सभी भक्तों को प्रसादी वितरित की गई। आयोजन में अशोक औदिच्य, शिवचंद्र गरड़ा, रतनलाल गरड़ा, रमेशचंद्र गरड़ा, भूपेश आमेटा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
हरिहर मंच के संयोजक हरिप्रसाद आमेटा ने बताया कि मंदिर परिसर में भविष्य में भी धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा से जोड़ने के साथ समाज में धार्मिक जागरूकता को बढ़ावा मिल सके।
