भीलवाड़ा में कॉलेज का संस्थापन अधिकारी 40 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
Share
सिक्योरिटी गार्ड लगाने के बदले मांगी थी रकम, निजी अस्पताल के बाहर एसीबी ने रंगे हाथों दबोचा
उदयपुर, 23 जुलाई: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की सेकंड यूनिट ने गुरुवार को भीलवाड़ा के माणिक्य लाल वर्मा (एमएलवी) कॉलेज के संस्थापन अधिकारी शिव नुवाल को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी पर कॉलेज में सिक्योरिटी गार्ड लगाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
एसीबी को शिकायत मिलने के बाद उसका सत्यापन कराया गया। शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने जाल बिछाया और गुरुवार को एक निजी अस्पताल के बाहर ट्रैप कार्रवाई की। जैसे ही शिव नुवाल ने परिवादी से 40 हजार रुपए की रिश्वत ली, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कृषि उपज मंडी स्थित एसीबी कार्यालय लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। एसीबी अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला सिक्योरिटी गार्ड लगाने की प्रक्रिया से जुड़ा सामने आया है। पूछताछ के बाद मामले में आगे की कार्रवाई और अन्य तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।
