LOADING

Type to search

सिटी पैलेस में ‘हिंदू सुरत्राण : महाराणा कुंभा’ का विमोचन

Local

सिटी पैलेस में ‘हिंदू सुरत्राण : महाराणा कुंभा’ का विमोचन

Share


उदयपुर, 24 जुलाई: मेवाड़ के राजपरिवार के शंभू निवास सिटी पैलेस में वरिष्ठ साहित्यकार कुसुम अग्रवाल की ऐतिहासिक चरित काव्य कृति ‘हिंदू सुरत्राण : महाराणा कुंभा’ का भव्य विमोचन श्रीजी हजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के कर-कमलों से हुआ। इस अवसर पर डॉ. लक्ष्यराज सिंह ने कहा कि यह कृति नई पीढ़ी को महाराणा कुंभा के गौरवशाली इतिहास और उनके आदर्शों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। लेखिका कुसुम अग्रवाल ने बताया कि 23 सर्गों में विभाजित इस पुस्तक में महाराणा कुंभा के जीवन, व्यक्तित्व, कृतित्व, शासन, साहित्य, संगीत, स्थापत्य और वीरता का सरल भाषा में दोहों-चौपाइयों के माध्यम से वर्णन किया गया है। उन्होंने बताया कि वे पिछले 40 वर्षों से साहित्य सृजन में सक्रिय हैं और उनकी यह 38वीं पुस्तक है। समारोह में डॉ. मयंक गुप्ता, डॉ. कुंजन आचार्य, कमल अग्रवाल, तरुण दाधीच, दिनेश श्रीमाली, नारायण सिंह राव तथा प्रकाशक राजेंद्र पानेरी सहित अनेक साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।

इंस्टाग्राम स्टोरी बनी गिरफ्तारी की वजह

बांसवाड़ा, 24 जुलाई: गर्लफ्रेंड के लिए इंस्टाग्राम पर आत्महत्या की धमकी भरी स्टोरी डालना एक युवक को भारी पड़ गया। कलिंजरा थाना क्षेत्र निवासी सुभाष ताबियार ने लिखा था कि वह जहर खाकर जान दे देगा और फिर कभी नहीं मिलेगा। स्टोरी वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और साइबर सेल की मदद से तीन घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने परिजनों को डराने के उद्देश्य से पोस्ट डालने की बात स्वीकार की। पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह, धमकी या दहशत फैलाने वाली पोस्ट करने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

छत से घुसे चोर, 15 तोला सोना ले उड़े

प्रतापगढ़, 24 जुलाई: जिले के सेमलोपुर गांव में बदमाश छत के रास्ते घर में घुसकर करीब 15 तोला सोना, एक किलो चांदी और दो लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। वारदात रात एक से तीन बजे के बीच हुई, जबकि परिवार घर के अलग-अलग कमरों में सो रहा था। सुबह उठने पर अलमारियों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। चोरी गई नकदी हाल ही में सोयाबीन की फसल बेचने से मिली थी। सूचना पर रठांजना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से एक तलवार भी बरामद हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।

300 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

प्रतापगढ़, 24 जुलाई: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में वीर बाला कालीबाई प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित कर शिक्षा, खेल, चिकित्सा और कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 300 विद्यार्थियों को सम्मानित किया। मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान करते हुए कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। समारोह में गोविंद गुरु विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. केशव सिंह ठाकुर और एबीवीपी के प्रदेश संगठन मंत्री वीरेंद्र सिंह शक्तावत ने भी विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।

विद्यार्थियों को दिए भारतीय संस्कृति के जीवन सूत्र

उदयपुर, 24 जुलाई: सनातन पाठशाला समिति के तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बेडवास में भारतीय ज्ञान परंपरा विषय पर व्याख्यान एवं ज्ञान सूत्र कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता राजू जोशी ने रामायण और महाभारत के प्रसंगों के माध्यम से विद्यार्थियों को सफलता, अनुशासन, सकारात्मक सोच और संस्कारों का महत्व बताया। समिति के संरक्षक गोपाल कनेरिया ने कहा कि शिक्षा, संस्कार और सेवा ही श्रेष्ठ जीवन के तीन आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ध्यान, प्राणायाम और हास्य योग का अभ्यास भी कराया। विद्यालय परिवार ने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और नैतिक मूल्यों के लिए उपयोगी बताया।

आबादी में घुसा लेपर्ड, गाय का शिकार

उदयपुर, 24 जुलाई: उदयपुर जिले के घासा क्षेत्र के विठौली गांव में गुरुवार रात लेपर्ड आबादी क्षेत्र में घुस आया और बाड़े में बंधी गाय का शिकार कर लिया। घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों के अनुसार लेपर्ड पहले भी मवेशियों पर हमला कर चुका है। रात करीब 11:30 बजे सरकारी स्कूल के पीछे उसे बैठे हुए देखा गया, जिसका वीडियो भी बनाया गया। सूचना पर वन विभाग और पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचे तथा गाय का पोस्टमार्टम कराया। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से लेपर्ड गांव के आसपास घूम रहा है और लगातार मवेशियों को निशाना बना रहा है। वन विभाग ने क्षेत्र में पिंजरा लगाया है, लेकिन अब तक लेपर्ड पकड़ में नहीं आया। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और जल्द कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *