महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का ढोल-प्रदर्शन
Share
राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंप सरकार पर लगाए जनविरोधी नीतियों के आरोप
कोटड़ा, 11 जून: बढ़ती महंगाई और जनसमस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस ने बुधवार को कोटड़ा में विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक अध्यक्ष रायसा राम खैर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ढोल बजाकर रैली निकाली और उपखंड कार्यालय पहुंचकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्ग का जीवन प्रभावित हो रहा है। पेट्रोल, डीजल, गैस और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी से आमजन परेशान हैं। खैर ने क्षेत्र में बिजली कटौती, पेयजल संकट और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों की अनदेखी कर जनता का ध्यान अन्य मुद्दों की ओर मोड़ा जा रहा है। प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
