15 सूत्रीय मांगों को लेकर कुक कम हेल्पर 24 से तीन दिवसीय पड़ाव पर
Share
खेरवाड़ा, 19 अगस्त (शिमला मीणा): सरकारी स्कूलों को बंद करने पर रोक, जर्जर भवनों के लिए तत्काल बजट आवंटन और मानदेय के नियमित भुगतान सहित 15 सूत्रीय मांगों को लेकर कुक कम हेल्पर संघर्ष समिति ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है।
समिति की पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक में 24, 25 और 26 अगस्त को पोषाहार पकाने के बहिष्कार तथा खेरवाड़ा में तीन दिवसीय पड़ाव का निर्णय लिया गया। समिति के बाबूलाल ने कहा कि अप्रैल 2026 से पोषाहार पकाने और करीब एक वर्ष से दूध गर्म करने का मानदेय बकाया है। गौतम लाल ने कहा कि वर्षों से कार्यरत कुक को महज 67 रुपए दैनिक मानदेय दिया जा रहा है। कमू कुंवर ने अन्य मानदेयकर्मियों को मिली सहायता से कुक कम हेल्परों को वंचित रखने पर नाराजगी जताई। कनी कुंवर ने 13,500 रुपए मासिक वेतन, नियमित भुगतान, स्थायीकरण, पेंशन-ग्रेच्युटी, अवकाश, बीमा, पीएफ-ईएसआई तथा अतिरिक्त कार्य पर रोक सहित मांगें रखीं। प्रेमलता ने आंदोलन में शामिल होने की अपील की।

