रेलेश्वर महादेव मंदिर में तोड़फोड़, माता पार्वती की प्रतिमा खंडित
Share
अज्ञात समाजकंटकों ने ताला तोड़कर मंदिर में मचाई तोड़फोड़, क्षेत्र में आक्रोश; आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
उदयपुर, 19 अगस्त: ग्राम मनवाखेड़ा स्थित प्राचीन रेलेश्वर महादेव मंदिर में बीती रात अज्ञात समाजकंटकों ने ताला तोड़कर तोड़फोड़ कर दी। बदमाशों ने मंदिर परिसर में रखा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया और माता पार्वती की प्रतिमा को खंडित कर दिया। मंदिर से किसी सामान की चोरी होने की जानकारी नहीं है। घटना की जानकारी बुधवार सुबह पुजारी गेहरीलाल गमेती के मंदिर पहुंचने पर हुई।
पुजारी ने तत्काल क्षेत्र के किसान नेता विष्णु पटेल को सूचना दी। इसके बाद हिरण मगरी थाना पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी। घटना को लेकर क्षेत्रवासियों में आक्रोश है।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
विष्णु पटेल अपने साथियों के साथ हिरण मगरी थाने पहुंचे और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। पटेल ने कहा कि धार्मिक स्थल में तोड़फोड़ गंभीर घटना है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।

