दस महीने पहले बने पुल में दरार, गुणवत्ता जांच शुरू
Share
जनसुनवाई में शिकायत के बाद कलेक्टर पहुंचे मौके पर, तकनीकी टीम ने लिए नमूने
उदयपुर, 25 जून: जिले के नयागांव क्षेत्र में तीन पट्टा मोड़ से सरेरा जाने वाले मार्ग पर स्थित डाडमिया पुल निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। करीब दस महीने पहले बने इस पुल में दरारें आने के बाद ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई। मामला सामने आने पर जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल स्वयं मौके पर पहुंचे और तत्काल जांच के निर्देश दिए।
घटिया निर्माण सामग्री के आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि पुल निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके कारण कुछ ही महीनों में पुल की संरचना प्रभावित होने लगी। शिकायतकर्ताओं ने कलेक्टर को बताया कि दरारें लगातार बढ़ रही हैं और समय रहते सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
तकनीकी टीम ने लिए सैंपल
कलेक्टर के निर्देश पर जिला परिषद की तकनीकी टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची। टीम ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का निरीक्षण किया और कोर कटिंग मशीन की सहायता से पुल के तीन अलग-अलग हिस्सों से कंक्रीट एवं अन्य निर्माण सामग्री के नमूने एकत्र किए। इन नमूनों की प्रयोगशाला में जांच कर गुणवत्ता का परीक्षण किया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताई स्थिति
जांच के दौरान ग्राम पंचायत सरेरा के प्रतिनिधियों, ग्रामीणों और समाजसेवियों ने पुल में आई दरारों की जानकारी टीम को दी। जांच दल में आशीष धाकड़, प्रियंका चपलोत, धर्मेश लोहार और हेमंत चौबीसा शामिल रहे। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर है, जिससे निर्माण कार्य की वास्तविक गुणवत्ता और जिम्मेदारी तय हो सकेगी।
