यूट्यूब विज्ञापन के झांसे में फंसकर गंवाए 72 लाख रुपए
Share
फर्जी ट्रेडिंग और आईपीओ ऐप के जरिए परिवार के खातों से कराई रकम ट्रांसफर, नंबर बंद कर फरार हुए ठग
चित्तौड़गढ़, 25 जून: जिले के राशमी क्षेत्र में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को यूट्यूब पर दिखे निवेश विज्ञापन के जरिए करीब 72 लाख रुपए की चपत लगा दी गई। ठगों ने खुद को नामी निवेश कंपनी से जुड़ा बताकर पहले भरोसा जीता, फिर व्हाट्सऐप ग्रुप और फर्जी ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से निवेश का झांसा देकर पीड़ित और उसके परिवार से लाखों रुपए विभिन्न बैंक खातों में जमा करवा लिए।
पहुंना निवासी गोपाल लाल शर्मा ने बताया कि मार्च 2026 में यूट्यूब पर शेयर ट्रेडिंग और आईपीओ निवेश से अधिक मुनाफे का विज्ञापन देखने के बाद उन्होंने संपर्क किया। ठगों ने कंपनी के दस्तावेज और रजिस्ट्रेशन फॉर्म भेजकर विश्वास कायम किया। इसके बाद उन्हें व्हाट्सऐप ग्रुप से जोड़कर एक ऐप डाउनलोड कराया गया, जिसमें जमा की गई राशि और कथित मुनाफा दिखाई देता था।
2 अप्रैल से 3 जून के बीच गोपाल, उनकी पत्नी और पिता के खातों से कुल 71.97 लाख रुपए विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कराए गए। जब उन्होंने राशि निकालने का प्रयास किया तो ऐप का बैलेंस शून्य हो गया और सभी संपर्क नंबर बंद मिले। पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कर राशि वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
