LOADING

Type to search

अपराध एवं दुर्घटना : स्कूल बस ने तीन युवकों को कुचला, एक की मौत; ग्रामीणों ने लगाया जाम

crime

अपराध एवं दुर्घटना : स्कूल बस ने तीन युवकों को कुचला, एक की मौत; ग्रामीणों ने लगाया जाम

Share


उदयपुर, 17 जून: उदयपुर जिले के बावलवाड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक निजी स्कूल बस की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा खेरवाड़ा-बावलवाड़ा मार्ग पर हुआ, जहां तीन युवक सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आई बस उन्हें चपेट में लेती हुई बिजली का खंभा तोड़कर खेत में जा घुसी।
हादसे में पटेलवाड़ा निवासी नीलेश (19) पुत्र नानालाल पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रेमल गरासिया और गिरधर गरासिया गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए डूंगरपुर अस्पताल भेजा गया है।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और बस चालक की गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति को देखते हुए खेरवाड़ा, बावलवाड़ा और पहाड़ा थानों का पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। एसडीएम जयसिंह, डीएसपी राजीव राहर और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से समझाइश में जुटे रहे।

चाकू मारकर युवक घायल, आरोपी फरार
उदयपुर, 18 जून:
शहर के आयड़ क्षेत्र स्थित जैन मंदिर के पास मंगलवार रात मामूली कहासुनी के बाद एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में घायल युवक को तत्काल एमबी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
भूपालपुरा थाना पुलिस के अनुसार घटना रात करीब 10:30 बजे की है। घायल चेतन अपने साथी अरमान और अन्य युवकों के साथ खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान मजाक-मजाक में विवाद बढ़ गया। घायल चेतन का आरोप है कि अरमान जातिसूचक टिप्पणियां करने लगा, जिसका विरोध करने पर वह भड़क गया और मारपीट के बाद कमर पर चाकू से हमला कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। घायल युवक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ रही ऐसी घटनाओं पर चिंता जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

हिस्ट्रीशीटर के फ्लैट से 36 ग्राम स्मैक, 66 हजार नकद बरामद
चित्तौड़गढ़, 18 जून:
जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत सदर थाना पुलिस और जिला विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपए के इनामी एवं हिस्ट्रीशीटर बदमाश सुरेश कुमार उर्फ भोना सिंधी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देशन में ओछड़ी स्थित प्रधानमंत्री आवासीय योजना के एक फ्लैट पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान पुलिस को 36.46 ग्राम अवैध स्मैक, नशे के कारोबार में प्रयुक्त उपकरण तथा 66 हजार 800 रुपए नकद बरामद हुए। पुलिस ने सभी सामग्री जब्त कर आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी भोपालसागर थाना क्षेत्र का 10 हजार रुपए का इनामी बदमाश और कोतवाली थाना चित्तौड़गढ़ का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ जुआ अधिनियम के 20 तथा एनडीपीएस एक्ट के 5 मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब स्मैक की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

बोलेरो से 29 कार्टन अवैध शराब जब्त, तस्कर गिरफ्तार
सलूंबर, 18 जून:
अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गिंगला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से 29 कार्टन शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रताप तिराहा क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान मंगलवार रात एक संदिग्ध बोलेरो को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में बड़ी मात्रा में अंग्रेजी एवं देशी शराब बरामद हुई। जब्त खेप में बीयर के 20 कार्टन सहित विभिन्न ब्रांड की व्हिस्की और देशी शराब शामिल है।
पुलिस ने वाहन चालक 54 वर्षीय खेता मीणा निवासी वाजवा फला, राठौड़ों का गुड़ा को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस शराब की खेप के स्रोत और गंतव्य का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *