LOADING

Type to search

अपराध और संक्षिप्त समाचार : साइबर ठगी के म्यूल अकाउंट नेटवर्क का भंडाफोड़, गुजरात के 4 युवक गिरफ्तार

Local

अपराध और संक्षिप्त समाचार : साइबर ठगी के म्यूल अकाउंट नेटवर्क का भंडाफोड़, गुजरात के 4 युवक गिरफ्तार

Share

कविता स्थित विला में दबिश देकर पकड़ा, 3 लैपटॉप, 19 मोबाइल, 19 एटीएम कार्ड और 19 बैंक पासबुक जब्त
उदयपुर, 18 अक्टूबर:
उदयपुर की सुखेर थाना पुलिस ने साइबर अपराध और म्यूल अकाउंट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुजरात के चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कविता क्षेत्र स्थित एक विला में बैठकर कथित तौर पर अवैध ऑनलाइन जुआ-सट्टे और साइबर ठगी की रकम का लेनदेन कर रहे थे। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में डिजिटल उपकरण और बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के कब्जे से मिले बैंक खातों से जुड़े नंबरों पर देश के विभिन्न राज्यों में पहले से साइबर शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
गरीब लोगों के नाम पर खुलवाते थे खाते
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी राजेश यादव के सुपरविजन में थानाधिकारी भरत योगी के नेतृत्व में टीम ने विला पर दबिश दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी सीधे-साधे और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इन खातों को कथित तौर पर अवैध ऑनलाइन जुआ, सट्टा और गेमिंग से जुड़े लोगों को उपलब्ध कराया जाता था। इनमें आई रकम को दूसरे खातों में ट्रांसफर कर आरोपी कमीशन लेते थे।
बड़ी मात्रा में उपकरण और बैंक दस्तावेज जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 लैपटॉप, 19 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 19 एटीएम कार्ड, 19 बैंक पासबुक और 5 चेकबुक सहित अन्य सामग्री जब्त की है। जांच में जब्त पासबुक और चेकबुक से जुड़े कई खातों पर देश के अलग-अलग राज्यों में साइबर शिकायतें दर्ज होने की बात सामने आई है।
गुजरात के चार युवक गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संघा भाई नाई (23), किरण कुमार खत्री (24), हितेश कुमार (27), निवासी बनासकांठा जिले के डीसा क्षेत्र, तथा पवन दर्जी (19), निवासी पाटण जिला, गुजरात के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके खिलाफ प्रकरण संख्या 449/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाले स्थानीय मददगारों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

नाकाबंदी में पुलिस से उलझे जीजा-साले, गिरफ्तार
उदयपुर, 18 अक्टूबर:
डूंगरपुर के कुआं थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पुलिसकर्मियों से बहस और मारपीट के प्रयास के आरोप में पुलिस ने जीजा-साले को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी रघुवीर सिंह के अनुसार, 17 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे कुआं-ढूंढी मार्ग पर सेंडाला तिराहे पर नाकाबंदी के दौरान हीरो एचएफ डीलक्स बाइक सवार की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई। इस पर पीछे बैठे युवक ने पुलिस की चेकिंग पर सवाल उठाया। इसके बाद दोनों युवकों ने पुलिसकर्मियों से बहस करते हुए मारपीट का प्रयास किया। पूछताछ में बाइक चालक की पहचान जितेंद्र कटारा (20), निवासी कटारापाड़ा और पीछे बैठे युवक की सुशील भगोरा (21), निवासी मानपाड़ा के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर बाइक जब्त कर ली।

गैपसागर की पाल पर बनी नेकी की दीवार
उदयपुर, 18 अक्टूबर:
डूंगरपुर नगरपरिषद ने दिवाली से पहले गैपसागर की पाल पर ‘नेकी की दीवार’ शुरू की है। यहां शहरवासी घरों की सफाई में निकलने वाले साफ-सुथरे और उपयोगी पुराने कपड़े, जूते व खिलौने दान कर सकते हैं। नगरपरिषद सभापति सुशीला गुप्ता ने लोगों से अपील की कि उपयोगी सामान कचरे में फेंकने के बजाय जरूरतमंदों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि किसी के लिए अनुपयोगी वस्तु दूसरे परिवार के लिए अनमोल उपहार बन सकती है। सभापति के अनुसार, लोग स्वेच्छा से कपड़े और जूते सहित अन्य उपयोगी सामग्री दान कर रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों की मदद करने के साथ समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करना है।

माउंट आबू में पहली बार होगा बर्ड फेस्टिवल
उदयपुर, 18 अक्टूबर:
माउंट आबू में पहली बार 28 और 29 नवंबर को ‘माउंट आबू बर्ड फेस्टिवल-2026’ आयोजित होगा। तैयारियों को लेकर ग्रीन पीपल सोसायटी, उदयपुर के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को उपखंड अधिकारी राहुल श्रीवास्तव से चर्चा की। अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी राहुल भटनागर, विक्रम सिंह और इंद्रजीत माथुर ने आयोजन की रूपरेखा बताई। सीआरपीएफ की आंतरिक सुरक्षा अकादमी का मैदान आयोजन स्थल तय किया गया है। महोत्सव में पक्षी विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, वन अधिकारी और प्रकृतिप्रेमी भाग लेंगे। करीब 400 विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, प्रश्नोत्तरी, बर्ड वॉक और बर्ड ट्रेल आयोजित होंगे। विशेषज्ञों के व्याख्यान और संरक्षण पर चर्चा भी प्रस्तावित है। महोत्सव स्वर्गीय पक्षी विशेषज्ञ अनिल माथुर की स्मृति को समर्पित होगा। समापन पर ‘अनिल माथुर संरक्षण पुरस्कार’ दिया जाएगा।

200 कन्याओं का पूजन कर दिया सम्मान का संदेश
उदयपुर, 18 अक्टूबर:
शारदीय नवरात्र पर वात्सल्य महिला सेवा समिति ने सेक्टर-14 स्थित गुरुकुल उच्च माध्यमिक विद्यालय और नेला रोड के विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय में 200 कन्याओं का पूजन किया। कन्याओं को उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया गया। सह महामंत्री गोपाल कनेरिया ने मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न करवाया। मुख्य अतिथि सुदर्शन ग्रुप के प्रबंध निदेशक राकेश गुप्ता, समिति अध्यक्ष प्रकाश अग्रवाल और महिला समिति अध्यक्ष सुधा अग्रवाल सहित अतिथियों ने कन्याओं का तिलक कर पूजन किया। प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि कन्याओं का सम्मान भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा है। ऐसे आयोजन बच्चों में संस्कार और समाज में नारी सम्मान की भावना मजबूत करते हैं। महिला समिति मंत्री मंजू मूंदड़ा ने बताया कि आयोजन के जरिए सेवा, आस्था और बालिकाओं के सम्मान का संदेश दिया गया।

विजयादशमी पर संघ का पथ संचलन
उदयपुर, 18 अक्टूबर:
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उदयपुर महानगर की ओर से 20 अक्टूबर को विजयादशमी उत्सव, शस्त्र पूजन और पथ संचलन आयोजित होगा। संघचालक गोविंद अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम सूरजपोल स्थित आरसीए खेल मैदान में होगा। पूर्ण गणवेशधारी स्वयंसेवकों का संगम सुबह 7:45 बजे होगा। इसके बाद अतिथियों द्वारा शस्त्र पूजन और बौद्धिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पथ संचलन सुबह 10:15 बजे शुरू होगा। यह सूरजपोल, बैंक तिराहा, बापू बाजार, दिल्ली दरवाजा, हाथीपोल, चेतक चौराहा, कोर्ट चौराहा, शास्त्री चौराहा, सभापति भवन, शक्ति नगर सनातन मंदिर और श्रमजीवी महाविद्यालय से होकर पुनः आरसीए मैदान पहुंचेगा। मार्ग में विभिन्न समाजों की ओर से पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्धजन और समाजजन भी भाग लेंगे।

86 उपवास की तपस्या कर रहे अजय दक का सम्मान
उदयपुर, 18 अक्टूबर:
कानोड़ मित्र मंडल उदयपुर की ओर से महावीर भवन, सेक्टर-4 में आयोजित चौबीसी कार्यक्रम में 86 उपवास की तपस्या कर रहे अजय दक का सम्मान किया गया। अजय दक, मदन लाल दक के सुपुत्र हैं। मंडल महामंत्री संजय अलावत ने कहा कि तपस्वी की अनुमोदना और सम्मान करना मंडल के लिए गौरव की बात है। मंडल अध्यक्ष दिलीप कुमार भानावत ने बताया कि अजय दक पूर्व में भी कई बड़ी तपस्याएं कर चुके हैं। उन्होंने वर्तमान तपस्या के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर तेज सिंह पोखरना, लोकेश बाबेल, डॉ. राजमल लखदार, निर्मल धींग, दिनेश नन्दावत, दिनेश मोरवनिया, विनोद जारोली, जितेन्द्र भानावत, चंद्रकला पोखरना, गरिमा बाबेल और स्वीटी भानावत सहित मंडल के सदस्यों ने तपस्वी की अनुमोदना की।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *