निष्ठा और निःस्वार्थ भाव मनुष्य को महान बनाते हैं: प्रशांत अग्रवाल
Share
उदयपुर, 18 अक्टूबर: नारायण सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने देवी भागवत कथा में मां महागौरी की महिमा और ऋषि कन्या अपाला के प्रसंग सुनाकर श्रद्धालुओं को भक्ति, करुणा और निःस्वार्थ सेवा का संदेश दिया। उन्होंने मां पार्वती की तपस्या और उससे प्रभावित होकर उनके पास ठहरे सिंह की कथा सुनाई। अपाला के प्रसंग के माध्यम से उन्होंने कहा कि व्यक्ति का मूल्य रंग, रूप या शारीरिक अक्षमता से नहीं, बल्कि उसके सद्गुणों और संवेदनशीलता से आंका जाना चाहिए। अग्रवाल ने बताया कि सोमवार सुबह 10 बजे संस्थान के वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी परिसर में 501 दिव्यांग कन्याओं का महापूजन होगा। संस्थान नवरात्र में दिव्यांग कन्याओं की शल्य चिकित्सा, पुनर्वास और सम्मान के माध्यम से सेवा कार्य करता है। उन्होंने कहा कि सेवा केवल पूजा का विधान नहीं, बल्कि मानवता के प्रति संवेदना और सम्मान का संकल्प है।

