LOADING

Type to search

अपराध समाचार : सलूंबर के सेमारी में बदमाशों का उत्पात, बस स्टैंड पर कार में तोड़फोड़

crime

अपराध समाचार : सलूंबर के सेमारी में बदमाशों का उत्पात, बस स्टैंड पर कार में तोड़फोड़

Share

उदयपुर, 18 जून: सलूंबर जिले के सेमारी कस्बे में गुरुवार सुबह कुछ बदमाशों ने बस स्टैंड पर खड़ी एक कार में तोड़फोड़ कर दहशत फैलाने का प्रयास किया। घटना के दौरान बदमाश गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेमारी बस स्टैंड पर तीन मोटरसाइकिलों पर सवार नौ युवक पहुंचे और वहां खड़ी कार पर बेल्ट से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में कार का पिछला कांच टूट गया, जबकि आगे के कांच को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। घटना के समय वाहन चालक देवीलाल मीणा पास के होटल में चाय पीने गया हुआ था। लौटने पर उसने कार क्षतिग्रस्त देख पुलिस को सूचना दी। सेमारी थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

खाना बनाते समय महिला झुलसी, जिला अस्पताल में भर्ती
बांसवाड़ा, 18 जून:
सदर थाना क्षेत्र के पाडलिया गांव में खाना बनाते समय एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे के बाद परिजनों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार इंदिरा पत्नी तोलाराम सुबह चूल्हे पर रोटियां बना रही थी। इसी दौरान उसके कपड़ों में आग लग गई और संतुलन बिगड़ने से वह चूल्हे पर गिर गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। एम्बुलेंस की सहायता से उसे जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से आग के स्रोतों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

लापता युवक का शव नहर में मिला, पुलिस जांच में जुटी
बांसवाड़ा, 18 जून:
शहर के मदारेश्वर क्षेत्र स्थित चार नंबर नहर में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अयाजुद्दीन शेख उर्फ बबलू भाई (40) निवासी बांसवाड़ा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह मंगलवार से घर से लापता था और उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई थी। गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने नहर में शव तैरता देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक हादसे का शिकार हुआ या उसके पीछे कोई अन्य कारण है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *