पर्यावरण संरक्षण पर बच्चों ने उकेरी जागरूकता की तस्वीर
Share
उदयपुर, 18 जून: विज्ञान समिति उदयपुर के तत्वावधान में स्कूली विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण चेतना एवं संरक्षण विषयक चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और रुचि विकसित करना था। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं और विचारों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने पर्यावरण के विभिन्न पहलुओं पर संक्षिप्त वक्तव्य देकर आमजन को जागरूक करने का प्रयास किया।
कार्यक्रम संयोजक अविनाश भटनागर ने बताया कि प्रतियोगिता 4 से 7 वर्ष तथा 8 से 12 वर्ष आयु वर्ग की दो श्रेणियों में आयोजित की गई। विजेताओं सहित सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप ड्राइंग किट प्रदान की गई। मीडिया प्रभारी प्रो. विमल शर्मा ने बताया कि कम आयु वर्ग में अपेक्षाकृत कम उपस्थिति रही, लेकिन भविष्य में विद्यार्थियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी।
कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए रेणु भंडारी ने आर्यभट्ट विज्ञान प्रयोगशाला में विद्यार्थियों को विज्ञान संबंधी रोचक प्रयोगों की जानकारी दी। समापन पर विज्ञान समिति के अध्यक्ष प्रो. महीप भटनागर, महासचिव डॉ. आर.के. गर्ग एवं कुलप्रमुख डॉ. के.एल. कोठारी सहित अन्य अतिथियों ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार वितरित किए।
