अपराध समाचार
Share
पत्नी-साले पर हमले का आरोपी गिरफ्तार
डूंगरपुर, 2 जून: कुआं थाना पुलिस ने पत्नी और साले पर धारदार हथियार से हमला कर फरार हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। थानाधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि 26 मई को अल्पेश अपने परिवार के साथ धनगांव गया था, जहां से वह अपनी बहन कोकिला को घर लाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान कोकिला के पति दिनेश पारगी ने अल्पेश पर चाकू से कई वार कर दिए, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंची कोकिला पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस की विशेष टीम ने मुखबिर की सूचना पर धनगांव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से हथियार बरामद किया।
किराना दुकान से अवैध शराब जब्त
बांसवाड़ा, 2 जून: ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र-2’ के तहत पाटन थाना पुलिस और जिला विशेष टीम ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक किराना दुकान से 9 कार्टन शराब और बीयर जब्त की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि पाटन कस्बे में कालू भागोर अपनी दुकान की आड़ में अवैध रूप से शराब बेच रहा है। संयुक्त टीम ने रात में दुकान पर दबिश दी, जहां से अंग्रेजी शराब, बीयर और देशी मदिरा की बड़ी खेप बरामद हुई। जब्ती में किंगफिशर बीयर, रॉयल स्टैग, वोडका और देशी मदिरा सहित विभिन्न ब्रांड शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभियान में थाना पुलिस और डीएसटी के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नाबालिग अपहरण मामले में हिंदू संगठनों का प्रदर्शन
राजसमंद, 2 जून: राजसमंद में नाबालिग बालिका के कथित अपहरण मामले को लेकर सोमवार को हिंदू संगठनों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बाजारों में प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि शिकायत के बावजूद पुलिस द्वारा प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। बाद में सभी कार्यकर्ता उपखंड कार्यालय पहुंचे और उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की गई। जानकारी के अनुसार 16 मई को नाबालिग बालिका के अपहरण का आरोप लगाया गया था, जबकि 18 मई को थाने में सूचना दी गई थी। उपखंड अधिकारी ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
