एक ही XUV को पांच बार बेचने वाला शातिर गिरफ्तार
Share
शौर्य फाउंडेशन में प्रोजेक्ट मैनेजर रहते 200 युवाओं से नौकरी के नाम पर करोड़ों की ठगी
बांसवाड़ा, 8 जुलाई: एक ही महिंद्रा XUV कार को पांच बार बेचकर लोगों से ठगी करने वाले शातिर आरोपी जिगर भट्ट (28) ने पुलिस पूछताछ में कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं। पुलिस रिमांड के दौरान उसने कबूल किया कि शौर्य फाउंडेशन में प्रोजेक्ट मैनेजर रहते हुए उसने करीब 200 युवक-युवतियों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपए ऐंठे थे।
मूल रूप से गढ़ी थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव निवासी जिगर भट्ट जयपुर के जगतपुरा इलाके में परिवार के साथ छिपकर रह रहा था। गढ़ी थाना पुलिस ने एक पीड़ित की शिकायत पर उसे गिरफ्तार किया। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि जिगर ने 18 लाख रुपए में महिंद्रा XUV बेचने के बाद बहाने से वाहन वापस ले लिया था। जांच में सामने आया कि उसने इसी कार को अलग-अलग लोगों को पांच बार बेचकर ठगी की।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में शौर्य फाउंडेशन के नाम पर अध्यापक मणीलाल, डायरेक्टर दिलीप कुमार दवे और प्रोजेक्ट मैनेजर जिगर भट्ट ने बेरोजगार युवाओं से 40 हजार से एक लाख रुपए तक लेकर नौकरी दिलाने का वादा किया था। करोड़ों रुपए जुटाने के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस अब ठगी की रकम और अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है।
