टूटी सड़कें बिगाड़ रहीं मानसून पैलेस का सफर
Share
उदयपुर, 4 अगस्त: उदयपुर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सज्जनगढ़ अभयारण्य स्थित मानसून पैलेस तक जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति पर्यटकों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। नीचे से लेकर महल तक कई स्थानों पर सड़क उखड़ चुकी है, जिससे दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं और कारों को भी नुकसान पहुंच रहा है। पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे शाम के समय और अवकाश के दिनों में जाम की स्थिति बन जाती है। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद शंकर चंदेल ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपए का राजस्व मिलने के बावजूद वन विभाग सड़क मरम्मत पर ध्यान नहीं दे रहा। पिछले महीने गुजरात से आए एक पर्यटक सहित कई लोग दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। क्षेत्रीय वन अधिकारी सीताराम मीणा ने बताया कि पुराने ठेकेदार को डिबार करने के बाद नए ठेकेदार को कार्यादेश जारी कर दिया गया है और जल्द मरम्मत कार्य शुरू होगा। उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2024 में यहां 71 हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे थे, जिससे वन विभाग को करीब 1.49 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ था।

