272 भूखंड घोटाले में ‘क्वीन’ मानी जा रही हेमलता कांकरिया गिरफ्तार
Share
घर से नकदी, जेवरात और अहम दस्तावेज जब्त, वित्तीय नेटवर्क की परतें खुलने की उम्मीद
उदयपुर, 4 अगस्त: बहुचर्चित 272 भूखंड घोटाले की जांच में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मामले की प्रमुख आरोपी मानी जा रही हेमलता कांकरिया को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से पहले एसओजी ने उनके आवास पर सघन तलाशी अभियान चलाया, जिसमें लाखों रुपये की नकदी, भारी मात्रा में कीमती जेवरात और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए। जांच एजेंसी ने सभी सामग्री जब्त कर उसकी पड़ताल शुरू कर दी है।
एसओजी अब यह जांच कर रही है कि बरामद नकदी, आभूषण और दस्तावेजों का सीधा संबंध 272 भूखंड घोटाले से है या अन्य वित्तीय लेनदेन से। अधिकारियों का मानना है कि इस बरामदगी से घोटाले की आर्थिक परतें खुल सकती हैं और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में इस मामले में कुछ और प्रभावशाली लोगों पर भी कार्रवाई की संभावना है।
गौरतलब है कि हेमलता कांकरिया का नाम पहले भी विवादों में रह चुका है और वह एक अन्य मामले में जोधपुर जेल में न्यायिक अभिरक्षा में रह चुकी हैं। अब एसओजी उनसे पूछताछ कर भूखंड आवंटन, वित्तीय लेनदेन और कथित नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
जांच अब इन बिंदुओं पर
घर से बरामद नकदी और जेवरात के स्रोत की जांच।
दस्तावेजों से अन्य लाभार्थियों और सहयोगियों की तलाश।
बैंक खातों, संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल।
घोटाले से जुड़े अन्य प्रभावशाली लोगों की भूमिका पर एसओजी की नजर।
पूछताछ के आधार पर जल्द नए खुलासे और आगे की गिरफ्तारियों की संभावना।

