युवा विधायक सम्मेलन में लोकतंत्र और सुशासन पर मंथन
Share
दीप्ति किरण माहेश्वरी बोलीं—जनभागीदारी से ही सशक्त होगा लोकतंत्र
राजसमंद, 31 मार्च: राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने भोपाल में आयोजित “युवा विधायक सम्मेलन” में भाग लेकर लोकतंत्र, सुशासन और जनभागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया। मध्यप्रदेश विधानसभा के विधान परिषद हॉल में आयोजित इस सम्मेलन का उद्घाटन सत्र गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ।
सम्मेलन में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी तथा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
सुशासन और पारदर्शिता पर जोर
दीप्ति माहेश्वरी ने बताया कि राष्ट्रकुल संसदीय संघ (भारत क्षेत्र) जोन-6 के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद हुआ। इसमें लोकतंत्र को अधिक पारदर्शी और जनोन्मुख बनाने, जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नीति निर्माण में युवाओं की भूमिका पर सार्थक चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि जवाबदेही, सहभागिता और सुशासन के समन्वय से ही लोकतंत्र मजबूत होता है और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है।
अनुभव साझा करने का प्रभावी मंच
विधायक ने कहा कि ऐसे सम्मेलन जनप्रतिनिधियों के लिए अनुभव साझा करने का सशक्त मंच हैं। यहां मिले सुझावों को क्षेत्र के विकास में लागू किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कांग्रेस की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार पारदर्शिता के साथ योजनाओं को आमजन तक पहुंचा रही है।
