सैलून एवं ब्यूटी उद्योग को संगठित और मजबूत बनाने पर मंथन
Share
राष्ट्रीय सैलून दिवस पर विभिन्न संगठनों की बैठक; व्यवसायियों की समस्याओं और सदस्यता विस्तार पर चर्चा
उदयपुर, 11 अगस्त: राष्ट्रीय सैलून दिवस के अवसर पर मंगलवार को उदयपुर में सैलून एवं ब्यूटी उद्योग से जुड़े विभिन्न संगठनों की बैठक आयोजित हुई। इसमें सेन केश कला संस्थान, हेयर एंड ब्यूटी फेडरेशन (HBF), हेयर एंड ब्यूटी ऑर्गेनाइजेशन राजस्थान और लेक सिटी ब्यूटी क्लब उदयपुर सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
एकजुट होकर आवाज मजबूत करने पर जोर
एचबीएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक पालीवाल ने सैलून एवं ब्यूटी व्यवसायियों की समस्याओं, संगठन को मजबूत करने और सरकार के समक्ष उद्योग से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से रखने पर चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि देशभर में लाखों लोग इस उद्योग से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं। ऐसे में व्यवसायियों के हितों के लिए सभी संगठनों का एकजुट होना जरूरी है।
डॉ. हेमंत सेन ने संगठन की एकता और विस्तार पर जोर देते हुए आपसी समन्वय से कार्य करने की बात कही। बैठक में दिलीप सेन, शम्भूलाल सेन, सुरेश सेन, नंदा भाटिया, भारती सेन, मंजू सेन, जितेंद्र सेन, कैलाश सेन और श्वेताशा पालीवाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
सदस्यता अभियान पर भी चर्चा
बैठक में अधिक से अधिक सैलून व्यवसायियों को संगठन से जोड़ने, सदस्यता अभियान चलाने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सदस्यों ने उद्योग को संगठित एवं मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

