LOADING

Type to search

मेडिकल सर्टिफिकेट के लिए 10 हजार मांगे, 2 हजार में तय हुआ सौदा

crime

मेडिकल सर्टिफिकेट के लिए 10 हजार मांगे, 2 हजार में तय हुआ सौदा

Share

डूंगरपुर में रिश्वत लेते डॉक्टर गिरफ्तार: 12 दिन पहले ले चुका था पहली किस्त, दूसरी किस्त लेते एसीबी ने पकड़ा; अस्पताल नहीं आने के बावजूद रजिस्टर में नियमित हाजिरी का दावा
डूंगरपुर, 13 नवम्बर:
मेडिकल सर्टिफिकेट बनाने के बदले रिश्वत लेने के आरोप में एसीबी ने झोंथरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर अमित परमार को एक हजार रुपए की दूसरी किस्त लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। एसीबी के अनुसार, डॉक्टर ने परिवादी से 10 हजार रुपए मांगे थे, लेकिन बाद में दो हजार रुपए में सौदा तय हुआ था। वह पहले ही एक हजार रुपए ले चुका था।
शिकायत के सत्यापन में हुई पुष्टि
एसीबी के एएसपी राजेंद्र जैन के अनुसार परिवादी ने 14 अक्टूबर को शिकायत दी थी। उसने 2 अक्टूबर को चौरासी थाने में मारपीट का मामला दर्ज कराया था। पुलिस को मेडिकल सर्टिफिकेट की जरूरत थी। इसके लिए 9 अक्टूबर को झोंथरी पीएचसी पहुंचने पर डॉक्टर ने 10 हजार रुपए मांगे। असमर्थता जताने पर दो हजार रुपए में सौदा तय हुआ। सत्यापन के दौरान 31 अक्टूबर को डॉक्टर ने एक हजार रुपए ले लिए और शेष बाद में देने को कहा।
दराज में रखवाए रुपए, तभी दबिश
गुरुवार को डॉक्टर ने परिवादी को अस्पताल बुलाया और 31 अक्टूबर की तारीख का मेडिकल सर्टिफिकेट दिया। इसके बाद बकाया एक हजार रुपए लेकर टेबल की दराज में रखवाए। इसी दौरान एसीबी टीम ने उसे पकड़ लिया।
अस्पताल नहीं आने की भी शिकायत
एसीबी के अनुसार करीब एक महीने की निगरानी में डॉक्टर के अस्पताल नहीं आने की बात सामने आई। कॉल डिटेल के आधार पर उसकी लोकेशन अक्सर उदयपुर या अन्य स्थानों पर मिली। एसीबी का दावा है कि वह कभी-कभार आकर हस्ताक्षर करता था, जबकि रजिस्टर में नियमित हाजिरी दर्ज थी।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *