प्रदेशभर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1.18 लाख लीटर वॉश नष्ट
Share
पांच दिन में अवैध शराब के 590 मामले दर्ज, 94 आरोपी गिरफ्तार; 8 वाहन जब्त
उदयपुर, 9 नवम्बर: प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग की ओर से चलाए गए पांच दिवसीय विशेष अभियान में बड़ी कार्रवाई की गई। 1 से 5 नवम्बर तक चले अभियान के दौरान विभागीय टीमों ने 1 लाख 18 हजार 371 लीटर लाहन (वॉश) नष्ट किया। वहीं, अवैध मदिरा से जुड़े 590 मामले दर्ज कर 94 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के परिवहन में प्रयुक्त 8 दुपहिया वाहन भी जब्त किए गए।
उदयपुर स्थित आबकारी मुख्यालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, अभियान में 4 लाख 93 हजार 30 रुपए मूल्य की 1502 लीटर देशी मदिरा जब्त की गई। इसके अलावा 5 लाख 84 हजार 445 रुपए कीमत की 7076 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा (आईएमएफएल) और 90 हजार 134 रुपए मूल्य की 392 लीटर बीयर बरामद की गई। टीमों ने 4442 लीटर हथकड़ शराब भी जब्त की।
दिन-रात गश्त और नाकाबंदी
आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में पड़ोसी राज्यों से अवैध शराब की तस्करी के साथ प्रदेश में अवैध निर्माण और वितरण पर रोक लगाने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई। इसके तहत विभाग की विशेष टीमों ने दिन-रात गश्त, सघन नाकाबंदी और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। अभियान में अतिरिक्त आबकारी आयुक्त, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक और निरोधक दलों की टीमें शामिल रहीं।







