LOADING

Type to search

अंधड़, बारिश और ओलों से बदला मौसम का मिजाज, गर्मी से मिली राहत

Local

अंधड़, बारिश और ओलों से बदला मौसम का मिजाज, गर्मी से मिली राहत

Share

उदयपुर, फतहनगर और गोगुंदा में बरसे बादल; कई जगह जलभराव, पेड़ गिरे और बिजली व्यवस्था प्रभावित
उदयपुर/फतहनगर, 01 जून:
दिनभर की भीषण गर्मी और उमस के बाद सोमवार शाम उदयपुर जिले में मौसम ने अचानक करवट ली। उदयपुर शहर, फतहनगर, गोगुंदा, वल्लभनगर और मावली सहित कई क्षेत्रों में तेज अंधड़ के साथ बारिश हुई, जबकि गोगुंदा में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। अचानक बदले मौसम से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई स्थानों पर जनजीवन और व्यवस्थाएं प्रभावित रहीं।
फतहनगर में शाम करीब 5:30 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। विद्यानिकेतन विद्यालय में आयोजित संघ शिक्षा वर्ग के समापन समारोह के दौरान अंधड़ और बारिश से मंच, पंडाल तथा ध्वनि व्यवस्था प्रभावित हो गई, जिससे कार्यक्रम में व्यवधान आया। नगर में कई स्थानों पर होर्डिंग्स गिर गए और पेड़ों की शाखाएं टूटकर सड़कों पर आ गिरीं।
उदयपुर शहर में शाम साढ़े छह बजे धूलभरी आंधी के बाद बारिश शुरू हुई। 100 फीट रोड सहित कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। वहीं गोगुंदा में तेज बारिश के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर सड़क पर करीब दो फीट पानी भर गया और कई दुकानों में पानी घुस गया। आंधी से टीन शेड उड़ गए तथा बिजली के तार भी क्षतिग्रस्त हुए।
वल्लभनगर में तेज बारिश के दौरान सियाखेड़ी-मोरजाई मार्ग पर पेड़ गिरने से रास्ता बंद हो गया। मावली क्षेत्र में भी आंधी और बारिश से मौसम सुहावना हो गया, हालांकि कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
मौसम विशेषज्ञ के अनुसार आगामी चार दिनों तक बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *