लूट का विरोध करने पर बुजुर्ग किसान की हत्या
Share
7-8 नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर बरपाया कहर, जेवर लूटे; तीन बेटे और नाती घायल, ग्रामीणों का हंगामा
उदयपुर, 4 अगस्त: उदयपुर जिले के फतेहनगर थाना क्षेत्र के सनवाड़ गांव में सोमवार देर रात लूट के दौरान 7-8 नकाबपोश बदमाशों ने एक बुजुर्ग किसान की हत्या कर दी। बदमाशों ने घर में घुसकर महिलाओं से चांदी के कड़े व अन्य जेवर उतरवाए। विरोध करने पर परिवार पर पत्थरों, डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में देवीलाल गमेती (60) की मौत हो गई, जबकि उनके बेटे ओंकारलाल, शिवलाल और नाती अनिल सहित चार लोग घायल हो गए।
फतेहनगर थानाधिकारी मदनलाल ने बताया कि बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर मारपीट की और महिलाओं के जेवर लूटकर फरार हो गए। घायल ओंकारलाल ने बताया कि पत्नी को घर से बाहर खींचकर जबरन गहने उतरवाए गए तथा शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
घायलों को सनवाड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना की सूचना पर डीएसपी चांदमल सिंगारिया और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
वारदात से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव नहीं उठाने की चेतावनी दी। पुलिस अधिकारियों ने दो दिन में बदमाशों को पकड़ने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

