LOADING

Type to search

खाटू श्याम बाबा की निशान यात्रा को लेकर उत्साह चरम पर

Local

खाटू श्याम बाबा की निशान यात्रा को लेकर उत्साह चरम पर

Share

621 श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण, 18 अप्रैल को निकलेगी भव्य यात्रा, पालकी, भजन संध्या और विशाल भंडारे की तैयारियां पूर्ण
उदयपुर, 16 अप्रैल:
शहर में 18 अप्रैल को आयोजित होने वाली खाटू श्याम बाबा की भव्य निशान यात्रा को लेकर श्याम भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। श्री राज राजेश्वर महादेव मंदिर के तत्वावधान में निकलने वाली इस यात्रा के लिए अब तक 621 श्रद्धालु पंजीकरण करवा चुके हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। मंदिर परिसर और सेवक मंडली में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मंदिर के संरक्षक धर्मेंद्र गुर्जर ने बताया कि सेवक मंडली यात्रा की सभी व्यवस्थाओं में पूरी निष्ठा से जुटी हुई है। यात्रा फतेह स्कूल स्थित हनुमान मंदिर से दोपहर 3 बजे रवाना होगी। इस भव्य शोभायात्रा में सबसे आगे घोड़े चलेंगे, उनके पीछे मधुर भजनों से भक्तिमय वातावरण बनाने के लिए साउंड सिस्टम रहेगा और विशेष आकर्षण के रूप में बाबा श्याम की सजीव भव्य पालकी शामिल होगी।
मंदिर के राहुल निचलानी ने बताया कि 621 से अधिक श्रद्धालु हाथों में बाबा का पवित्र निशान लेकर जयकारों के साथ पैदल यात्रा में शामिल होंगे। पूरे मार्ग में भक्ति और उत्साह का वातावरण रहेगा। निशान यात्रा के समापन पर टेकरी स्थित राजराजेश्वर महादेव मंदिर में भक्ति का विशेष आयोजन होगा।
रात्रि में विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय और बाहरी कलाकार बाबा के भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें प्रसादी वितरण की व्यवस्था रहेगी।
आयोजकों के अनुसार श्रद्धालुओं के बढ़ते उत्साह को देखते हुए पंजीकरण संख्या लगातार बढ़ रही है। सभी सेवादार अपनी जिम्मेदारियां संभालते हुए यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि यात्रा और कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं सुचारू एवं भव्य रूप से संपन्न हों। आयोजन को लेकर श्याम भक्तों में विशेष उत्साह बना हुआ है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *