बेटों को स्विमिंग सिखाने गए पिता की कुंड में डूबने से मौत
Share
10 मिनट तक पानी में छटपटाते रहे, तमाशबीन बने रहे लोग; सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
उदयपुर, 28 मई: उदयपुर के भूपालपुरा थाना क्षेत्र स्थित महासतिया के गंगु कुंड में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो बच्चों को स्विमिंग सिखाने गए पिता की डूबने से मौत हो गई। हादसे के दौरान युवक करीब 10 मिनट तक पानी में जिंदगी के लिए संघर्ष करता रहा, लेकिन मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने उसे बचाने की हिम्मत नहीं दिखाई।
मृतक की पहचान 41 वर्षीय दुर्गा शंकर सालवी पुत्र हीरालाल सालवी निवासी ठोकर चौराहा के रूप में हुई है। सिविल डिफेंस सदस्य कैलाश मेनारिया ने बताया कि घटना सुबह करीब 7 बजे की है। दुर्गाशंकर अपने 10 और 14 वर्षीय बेटों को स्विमिंग सिखाने गंगु कुंड लेकर आए थे। बच्चे पानी में तैर रहे थे, जबकि वह सीढ़ियों पर बैठे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसला और वे गहरे पानी में चले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक व्यक्ति ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका। इसके बाद दुर्गाशंकर काफी देर तक पानी में छटपटाते रहे, लेकिन आसपास मौजूद 20 से 30 लोगों में से कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। सूचना पर पहुंची सिविल डिफेंस टीम ने उन्हें बाहर निकालकर सीपीआर दिया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगु कुंड में रोजाना बड़ी संख्या में लोग स्विमिंग करने आते हैं, बावजूद इसके यहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं।
