आंखों पर पट्टी बांधकर बच्चों ने की ड्राइंग
Share
सूंघकर पहचाने रंग, योग-ध्यान शिविर में अनोखी मानसिक एकाग्रता गतिविधि
चित्तौड़गढ़, 28 मई: चित्तौड़गढ़ के श्री गुरुकुल में चल रहे 10 दिवसीय आर्यवीर दल राजस्थान प्रांतीय शिविर में बच्चों की मानसिक एकाग्रता बढ़ाने के लिए अनोखी गतिविधियां कराई जा रही हैं। यहां बच्चों ने आंखों पर पट्टी बांधकर ड्राइंग बनाई और बिना देखे रंगों की पहचान तक की। किसी ने सूंघकर रंग बताया तो किसी ने स्पर्श के आधार पर कार्ड की पहचान की।
शिविर में प्रदेश के 22 जिलों से आए करीब 300 बच्चों को योग, ध्यान, ब्रेन एक्सरसाइज और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह गतिविधि बच्चों के फोकस और संवेदनशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से कराई जा रही है।
सार्वदेशिक आर्यवीर दल के प्रधान संचालक आचार्य नंद किशोर ने बताया कि आज के समय में मोबाइल और इंटरनेट के बढ़ते प्रभाव के बीच बच्चों को मानसिक रूप से मजबूत बनाने की जरूरत है। वहीं संभाग संचालक विशाल माहेश्वरी के अनुसार लगातार बढ़ते स्क्रीन टाइम से ध्यान भटकने की समस्या बढ़ रही है, जिसे ध्यान और अनुशासन के माध्यम से सुधारा जा रहा है।
