युवा शक्ति सम्मेलन में नवाचार, तकनीक और सामाजिक भागीदारी पर जोर, 65 प्रतिभाओं का सम्मान
Share
उदयपुर, 19 जुलाई: चौबीसा ब्राह्मण हितकारी समिति द्वारा रविवार को सेक्टर-14 स्थित निर्माणाधीन समिति भवन में आयोजित युवा शक्ति सम्मेलन में नवाचार, तकनीक, पर्यावरण संरक्षण और समाज निर्माण में युवाओं की भूमिका पर व्यापक मंथन हुआ। इस अवसर पर वर्ष 2021 के बाद शिक्षा, प्रशासन, चिकित्सा, उद्योग, स्टार्टअप, शोध और कॉर्पोरेट क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 65 प्रतिभाओं का उपरणा ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समिति के संरक्षक डॉ. शरद चंद पुरोहित ने युवाओं को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सामूहिक विकास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि जलज शर्मा ने आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के रचनात्मक उपयोग पर जोर देते हुए समाज का केंद्रीकृत डाटाबेस तैयार करने तथा सक्षम लोगों से सामाजिक विकास में सहयोग का आग्रह किया।
विशिष्ट अतिथि एवं परमाणु ऊर्जा आयोग के वैज्ञानिक डॉ. शिशिर पुरोहित ने कहा कि चुनौतियों को अवसर में बदलने की क्षमता ही सफलता की पहचान है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्लास्टिक का कम उपयोग, बिजली बचत, एसी का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं रखने तथा प्रत्येक सम्मानित प्रतिभा से कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान किया। संरक्षक डॉ. के.पी. व्यास ने प्रतिभा सम्मान समारोहों को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
सम्मेलन के दौरान समिति की वार्षिक आमसभा भी हुई, जिसमें कोषाध्यक्ष मनोहर चौबीसा ने आय-व्यय का विवरण और महासचिव हरीश चौबीसा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। अध्यक्ष प्रेम शंकर उपाध्याय ने भावी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में समाज के अनेक भामाशाहों ने निर्माणाधीन भवन के लिए आर्थिक सहयोग की घोषणा भी की।
