गौरव स्तंभ सम्मान व भामाशाहों का अभिनंदन 25 अप्रैल को
Share
उदयपुर, 13 अप्रैल: श्री सिंधी समाज उदयपुर (JSP) ने समाज के बुजुर्गों और भामाशाहों को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। शक्तिनगर स्थित श्री झूलेलाल भवन में आयोजित कार्यकारिणी बैठक में तय किया गया कि 25 अप्रैल को “गौरव स्तंभ सम्मान” समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें समाज सेवा में योगदान देने वाले वरिष्ठजनों और आर्थिक सहयोग देने वाले भामाशाहों का सम्मान किया जाएगा।
पूर्व अध्यक्ष हरीश राजानी ने कहा कि समाज के विकास में तन, मन और धन तीनों का योगदान जरूरी है। कई लोग समय नहीं दे पाते, लेकिन उनका आर्थिक सहयोग समाज के उत्थान में अहम भूमिका निभाता है। महासचिव राजेश चुग ने भी समाज के विभिन्न सेवा कार्यों में भामाशाहों के महत्व को रेखांकित किया।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोहर गुरानी सहित अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजनों से समाज में जागरूकता बढ़ेगी और लोग सेवा कार्यों के लिए प्रेरित होंगे। कोषाध्यक्ष भारत खत्री ने बताया कि विभाजन के बाद संघर्षपूर्ण समय में समाज को मजबूत बनाने वाले बुजुर्गों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में स्नेहभोज का भी आयोजन रखा गया है। बैठक में संरक्षक प्रताप राय चुग सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
