सिटी पैलेस में ‘द एलिफेंट: पावर ऑफ आर्ट’ प्रदर्शनी, 150 कलाकारों की कृतियां आकर्षण का केंद्र
Share
उदयपुर, 12 अप्रैल: Maharana of Mewar Charitable Foundation के सहयोग से ‘द एलिफेंट: पावर ऑफ आर्ट’ द्वारा सिटी पैलेस संग्रहालय में पेंटिंग वर्कशॉप एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर से आए कलाकारों ने भाग लिया और अपनी रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।
फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. मयंक गुप्ता ने बताया कि इस आयोजन में भारत के विभिन्न हिस्सों से आए 150 प्रतिभागियों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों को पर्यटकों के लिए प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में वन्यजीवन, प्रकृति और उदयपुर की झीलों की सुंदरता को विभिन्न रंगों और शैलियों में प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों को खासा आकर्षित किया।
प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण अतिथि कलाकारों की उत्कृष्ट कृतियां रहीं। इनमें विजय बिस्वाल, उत्तमा दीक्षित, सिकंदर सिंह, लक्ष्मण कुमार, पवन कुमार कुमावत, राशबिहारी साहा, अनुराग मेहता, के. कृष्ण कुंद्रा, शशांक शुक्ला, महेश कुमावत, सुनील कुमार, कुलविंदर सिंह, संत कुमार और दुर्गेश अटल शामिल रहे। कार्यक्रम का उद्घाटन कलाकार विजय बिस्वाल ने किया। वर्कशॉप का विषय ‘झीलों का शहर उदयपुर: वन्यजीवन और प्रकृति’ रखा गया, जिसके माध्यम से कलाकारों ने शहर की प्राकृतिक धरोहर और जैव विविधता को कैनवास पर उकेरा। आयोजन ने कला प्रेमियों और पर्यटकों के बीच खास उत्साह पैदा किया।
