GGTU बीएससी छठे सेमेस्टर मैथेमेटिक्स में कम अंक आने से छात्र परेशान
Share
80 में 6 से 15 अंक मिलने का दावा, ABVP ने परिणाम की पुनः जांच और बैक परीक्षा का अवसर मांगा
डूंगरपुर, 22 अगस्त: गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय (GGTU) के बीएससी छठे सेमेस्टर मैथेमेटिक्स के परिणाम को लेकर विद्यार्थियों में नाराजगी है। छात्रों का दावा है कि अन्य विषयों में पास होने के बावजूद Discrete Mathematics (MAT7737T) में एक्सटर्नल परीक्षा के बेहद कम अंक दिए गए हैं। कई विद्यार्थियों को 80 में 10, 11, 12 और 15 अंक मिले हैं। कुछ छात्रों के अनुसार इंटरनल में 20 में 15 से अधिक अंक होने के बावजूद एक्सटर्नल में कम अंक मिलने से वे फेल हो गए। इससे आगे की पढ़ाई और एडमिशन को लेकर भी विद्यार्थियों की चिंता बढ़ गई है।
ABVP ने पुनः जांच की मांग उठाई
एबीवीपी की एसबीपी कॉलेज इकाई ने परीक्षा नियंत्रक के नाम प्राचार्य को ज्ञापन देकर Discrete Mathematics के एक्सटर्नल अंकों की पुनः जांच कराने की मांग की। इकाई अध्यक्ष पंकज कलासुआ ने कहा कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को बेहद कम अंक मिलना जांच का विषय है। संगठन ने नई शिक्षा नीति के पहले बैच के विद्यार्थियों के हित में एक विषय में बैक आने पर छठे सेमेस्टर के बाद Special/Back Examination का अवसर देने की भी मांग की।
प्राचार्य ने परीक्षा नियंत्रक को दी जानकारी
छात्रा धर्मिष्ठा परमार ने बताया कि उसे इंटरनल में 17, लेकिन एक्सटर्नल में केवल 6 अंक मिले। अन्य विद्यार्थियों ने भी इसी तरह कम अंक मिलने की बात कही। एसबीपी कॉलेज प्राचार्य डॉ. गणेश निनामा ने बताया कि विद्यार्थियों ने शिकायत की है। मामले से GGTU के परीक्षा नियंत्रक को अवगत करा दिया गया है।

