LOADING

Type to search

राजवी बोले- पार्टी से बड़ा कोई व्यक्ति नहीं, कमल का फूल ही सबसे बड़ा उम्मीदवार

political

राजवी बोले- पार्टी से बड़ा कोई व्यक्ति नहीं, कमल का फूल ही सबसे बड़ा उम्मीदवार

Share

बोले- निर्दलीय खड़ा कर भाजपा को नुकसान नहीं पहुंचाऊंगा, बगावत करने वाला पार्टी का सच्चा कार्यकर्ता नहीं
चित्तौड़गढ़, 22 अगस्त:
पूर्व मंत्री नरपत सिंह राजवी ने शनिवार को चित्तौड़गढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर निकाय चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बिना किसी का नाम लिए टिकट वितरण, बगावत, पार्टी अनुशासन और जमीन के कारोबार सहित कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। राजवी ने कहा कि भाजपा में व्यक्ति नहीं, पार्टी और उसका चुनाव चिन्ह सबसे ऊपर है। “कमल का फूल ही सबसे बड़ा उम्मीदवार है। मैं निर्दलीय खड़ा कर पार्टी को नुकसान पहुंचाने की राजनीति नहीं करूंगा।”
टिकट का फैसला पार्टी करेगी
राजवी ने कहा कि टिकट के लिए जिन नामों पर राय मांगी जाएगी, वह निष्पक्ष सुझाव देंगे। टिकट किसे देना है, इसका निर्णय पार्टी करेगी। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के कहने या आने से टिकट तय नहीं होता। जीतने की क्षमता रखने वाले उम्मीदवार के पक्ष में राय दी जाएगी।
जमीन के कारोबार से राजनीति का कोई संबंध नहीं
उन्होंने कहा कि उन्हें न प्लॉट खरीदना है और न बेचना है, इसलिए किसी से डरने का सवाल नहीं है। राजनीति में निजी फायदे या मिलीभगत की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी विचारधारा कांग्रेस से अलग है और वे पार्टी के हित में खुलकर काम करेंगे।
बागियों को लेकर भी सख्त रुख
राजवी ने कहा कि पार्टी का विरोध करने वाला भाजपा का नहीं हो सकता। बार-बार बगावत कर वापस पार्टी में आने की प्रवृत्ति सही नहीं है। सभी कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहकर पार्टी और चुनाव चिन्ह के लिए काम करना चाहिए।
चुनाव तक चित्तौड़गढ़ में रहेंगे
राजवी ने बताया कि वार्ड परिसीमन के बाद सीमाएं बदली हैं और ग्रामीण क्षेत्र भी जुड़े हैं। वे सभी वार्डों का फीडबैक लेकर चुनाव तक चित्तौड़गढ़ में सक्रिय रहेंगे। 2023 की विधानसभा हार को उन्होंने व्यक्तिगत नहीं बल्कि पार्टी की हार बताया और संगठन में कमियों की समीक्षा की जरूरत जताई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *