त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय भवन का भूमि पूजन 22 को
Share
20 करोड़ से बनेगा पांच मंजिला परिसर
उदयपुर, 18 जून: अखिल भारतीय श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज के बहुउद्देशीय राष्ट्रीय भवन निर्माण का भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह 22 जून को उदयपुर में होगा। करीब 20 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस पांच मंजिला भवन में पार्किंग, कार्यालय, बालक—बालिका पृथक छात्रावास, सभागार, कोचिंग सेंटर सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध होंगी। भवन को लगभग ढाई वर्ष में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
समाज के राष्ट्रीय संयोजक भूपेंद्र पंडया ने गुरुवार को प्रेसवार्ता में बताया कि भूमि पूजन से पूर्व 20 जून को सुंदरकाण्ड पाठ तथा 21 जून को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होमात्मक लघु रुद्र अनुष्ठान होगा। 22 जून को सुबह 11.40 से 12.40 बजे तक भूमि पूजन एवं शिलान्यास सम्पन्न होगा। समारोह में राजस्थान वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी, लोकसभा अध्यक्ष के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) राजीव दत्ता, शैलेश शर्मा और अशोक लाहोटी सहित कई अतिथि शामिल होंगे।
पत्रकार सम्मेलन में समाज के राष्ट्रीय संरक्षक लक्ष्मीनारायण पंड्या, भूपेंद्र पंड्या, राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष विनोद पाण्ड्या, राष्ट्रीय कर्मचारी प्रकोष्ठ प्रमुख दीपक त्रिवेदी, शैलेश जोशी, नवीन त्रिवेदी, महेश जोशी, पुनीत शर्मा, नितेश पुरोहित, गोमतीशंकर पाण्ड्या, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रवीन्द्र उपाध्याय, द्वारिका प्रसाद जोशी तथा अशोक पंड्या उपस्थित रहे।
