LOADING

Type to search

दोनों हाथ कटे होने का फायदा उठाकर डोडा पोस्त की तस्करी, 16 किलो चूरा बरामद

Local

दोनों हाथ कटे होने का फायदा उठाकर डोडा पोस्त की तस्करी, 16 किलो चूरा बरामद

Share

दो-तीन साल से रोडवेज और निजी बसों से करता था अंतरराज्यीय तस्करी; नीमच से पंजाब ले जाते समय सूरजपोल पुलिस ने पकड़ा
उदयपुर, 11 अक्टूबर:
उदयपुर में डोडा पोस्त तस्करी के खिलाफ सूरजपोल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के दोनों हाथ कटे हुए हैं और पुलिस के अनुसार वह अपनी दिव्यांगता की आड़ में पिछले दो-तीन साल से रोडवेज और निजी बसों के जरिए नशीले पदार्थ की तस्करी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कंधे पर टंगे बैग से 16 किलो अवैध डोडा पोस्त का चूरा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि रोडवेज बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति नशीला पदार्थ लेकर मौजूद है। इस पर पुलिस टीम ने बस स्टैंड स्थित एक चाय की दुकान पर दबिश दी। वहां चाय पी रहे राम सिंह निवासी बरनाला, पंजाब को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। उसके कंधे पर टंगे बैग की तलाशी लेने पर उसमें 16 किलो डोडा पोस्त का चूरा मिला।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मध्यप्रदेश के नीमच से डोडा पोस्त खरीदकर राजस्थान के रास्ते पंजाब ले जा रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले दो-तीन वर्षों से रोडवेज और निजी बसों में सफर कर तस्करी कर रहा था। दोनों हाथ कटे होने के कारण वह सामान्य यात्रियों और जांच एजेंसियों के बीच आसानी से शक के दायरे से बाहर रहता था। पुलिस अब उसके संपर्कों, सप्लायर और डोडा पोस्त की आगे सप्लाई लेने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पंजाब में पहले से ही मादक पदार्थ तस्करी के दो मामले दर्ज हैं। बरामद डोडा पोस्त की सप्लाई और तस्करी नेटवर्क को लेकर उससे पूछताछ जारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *