मजदूरों से बोले—‘आज तक का हिसाब हो गया’, कुछ देर बाद हादसे में चली गई ठेकेदार की जान
Share
रिवर्स हो रहे डंपर और दीवार के बीच फंसने से दर्दनाक मौत, पूरे इलाके में शोक की लहर
उदयपुर, 1 जुलाई: जिंदगी की अनिश्चितता का मार्मिक उदाहरण मंगलवार शाम उदयपुर में देखने को मिला। मकान निर्माण कार्य का हिसाब-किताब निपटाकर मजदूरों से यह कहने वाले ठेकेदार कि “आज तक का हिसाब हो गया, अब कल का कल देखेंगे”, कुछ ही मिनट बाद एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गए। बजरी से भरे मिनी डंपर को रिवर्स करवाते समय वे वाहन और मकान की दीवार के बीच बुरी तरह फंस गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी और मातम छा गया।
डंपर की चपेट में आए ठेकेदार
हिरणमगरी थाना क्षेत्र के भोपामगरी आजाद नगर में रहने वाले मुकेश मीणा (35), निवासी जनकावड़ा (सेमारी, सलूंबर), निर्माण कार्य का ठेका संभाल रहे थे। प्रत्यक्षदर्शी हीरालाल पालीवाल के अनुसार मुकेश डंपर चालक को पीछे लेने के निर्देश दे रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर दीवार तक पहुंच गया और मुकेश उसके बीच दब गए। गंभीर रूप से घायल मुकेश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मिलनसार स्वभाव से सभी थे परिचित
पुलिस ने डंपर जब्त कर जांच शुरू कर दी है। निवर्तमान पार्षद चंद्रप्रकाश सुहालका और पूर्व पार्षद लवदेव बागड़ी ने बताया कि मुकेश मिलनसार और व्यवहारकुशल व्यक्ति थे तथा क्षेत्र में कई मकानों का निर्माण कार्य देख रहे थे। हादसे से कुछ मिनट पहले ही उन्होंने मजदूरों का भुगतान कर दिन का हिसाब पूरा किया था। उनके अचानक निधन से परिजनों के साथ पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
