LOADING

Type to search

हीटवेव को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

Local

हीटवेव को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

Share

अस्पतालों को निर्देश, आमजन के लिए एडवाइजरी जारी
संभाग में तापमान 40 डिग्री पार, लू के खतरे को देखते हुए तैयारियां तेज
उदयपुर, 13 अप्रैल:
उदयपुर शहर ही नहीं, पूरे संभाग में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचने लगा है। बढ़ती गर्मी और संभावित हीटवेव (लू) के खतरे को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है।
विभाग के संयुक्त निदेशक प्रकाश शर्मा ने संभाग के सभी चिकित्सा संस्थानों को सतर्क रहने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।
अस्पतालों में बढ़ाई गई तैयारियां
इधर, मौसम विभाग ने अलर्ट घोषित करते हुए कहा है कि तापमान में लगातार बढ़ोतरी के चलते लू और तापघात के मामलों में वृद्धि की आशंका है। इसी को देखते हुए संभाग के सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अस्पतालों में वाटर कूलर, पंखे, कूलर और एयर कंडीशनर सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं। ओपीडी में आने वाले मरीजों के लिए छायादार प्रतीक्षा स्थल और ठंडे पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
हीट स्ट्रोक के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयों और आईवी फ्लूड्स का पर्याप्त स्टॉक रखा गया है। जरूरत पड़ने पर विशेष बेड और वार्ड भी आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा हाई रिस्क क्षेत्रों में अतिरिक्त चिकित्सा टीमें तैनात की गई हैं और एम्बुलेंस सेवाओं (108-104) को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
आमजन के लिए एडवाइजरी जारी
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन को सतर्क करते हुए एडवाइजरी जारी की है। लोगों को दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी और ओआरएस लेने, धूप में निकलते समय सिर ढकने और हल्के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, खाली पेट घर से बाहर न जाने और अत्यधिक चाय, कॉफी या मादक पदार्थों से बचने को कहा गया है।
लक्षण दिखें तो तुरंत उपचार लें
चक्कर आना, तेज बुखार, उल्टी, बेहोशी या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करना चाहिए। विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि हीटवेव के खतरे से बचा जा सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *