रिहायशी इलाकों में लेपर्ड की दस्तक, कुराबड़ में दहशत
Share
CCTV में कैद मूवमेंट, बच्चों को बाहर निकलने पर रोक; ग्रामीणों में भय का माहौल
उदयपुर, 13 अप्रैल: जिले के कुराबड़ क्षेत्र में इन दिनों लेपर्ड की बढ़ती आवाजाही ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। रिहायशी इलाकों के पास लगातार दिख रहे लेपर्ड के कारण लोगों में दहशत का माहौल है और अब स्थिति ऐसी बन गई है कि शाम ढलते ही गांवों की सड़कें सूनी पड़ने लगी हैं।
कुराबड़ के बोरी गांव में 9 अप्रैल की रात एक लेपर्ड घरों के बाहर से गुजरता हुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ। यह फुटेज सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में डर और बढ़ गया है। देवीलाल नामक ग्रामीण के घर के बाहर लगे कैमरे में यह दृश्य रिकॉर्ड हुआ, जिसमें लेपर्ड बस्ती के बेहद करीब नजर आ रहा है।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
ग्रामीणों का कहना है कि लेपर्ड रात के समय गांव के आसपास चक्कर लगाता देखा जा रहा है। इस कारण परिवारों ने बच्चों को अकेले घर से बाहर निकलने से मना कर दिया है। शाम के बाद बड़े भी सतर्कता बरतते हुए जरूरी काम होने पर ही बाहर निकल रहे हैं। अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर खास चिंता देखी जा रही है।
पहले भी बढ़ चुका है मूवमेंट
गौरतलब है कि पिछले महीने उदयपुर-कुराबड़ रोड के भल्लो का गुड़ा क्षेत्र में भी लेपर्ड का मूवमेंट बढ़ गया था। वहां वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक लेपर्ड को पकड़ा गया था, जो लगातार बस्ती के पास आकर पशुओं का शिकार कर रहा था। लगातार बढ़ती घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही उचित कदम नहीं उठाए गए, तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल क्षेत्र में भय और सतर्कता का माहौल बना हुआ है।
