LOADING

Type to search

आरएनटी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया विस्तार

Local

आरएनटी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया विस्तार

Share

आरएमआरएस बैठक में एसी एम्बुलेंस, साइटोलॉजी लैब और जनरेटर जैसी सुविधाओं के लिए करोड़ों के प्रस्ताव मंजूर
उदयपुर, 25 अप्रैल:
उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं के आधुनिकीकरण और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शनिवार को आयोजित राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी (आरएमआरएस) की बैठक में मरीजों की सुविधा, जांच व्यवस्थाओं के विस्तार और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में सांसद एवं विधायक निधि के साथ डीएमएफटी फंड से करोड़ों रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई, जिससे आरएनटी परिसर की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
दोनों सांसदों के मद से ली जाएंगी आधुनिक एसी एम्बुलेंस
संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राहुल जैन ने बताया कि वर्तमान में एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक मरीजों को स्ट्रेचर के माध्यम से ले जाना पड़ता है, जिससे गर्मी और बरसात में मरीजों को भारी परेशानी होती है। इस समस्या को देखते हुए राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया ने सांसद निधि से 3 वातानुकूलित मारुति ईको एम्बुलेंस देने की घोषणा की, जबकि लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने भी 3 एसी एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की मंजूरी दी। इन छह एम्बुलेंसों पर लगभग 60 लाख रुपये खर्च होंगे।
आधुनिक साइटोलॉजी लैब होगी स्थापित
बैठक में उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने कैंसर सहित अन्य बीमारियों की जांच के लिए आधुनिक साइटोलॉजी लैब स्थापित करने हेतु विधायक निधि से 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। इससे गंभीर रोगों की जांच सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी। इसके अलावा, आपातकालीन परिस्थितियों में बिजली बाधित होने पर अस्पताल सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए डीएमएफटी फंड से 2.6 करोड़ रुपये की लागत से तीन बड़े जनरेटर खरीदने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। यह प्रस्ताव शीघ्र जिला कलेक्टर कार्यालय भेजा जाएगा।
हिरणमगरी सेटेलाइट अस्पताल में लगेगी सीटी स्कैन मशीन
बैठक में अस्पतालों की अन्य आवश्यकताओं पर भी चर्चा हुई। मुख्य बिंदुओं में ब्लड डोनेशन बस, हिरणमगरी सेटेलाइट अस्पताल के लिए सीटी स्कैन मशीन, कार्डियोलॉजी विभाग के लिए विशेष जनरेटर, तथा ऑडिटोरियम के लिए अत्याधुनिक ऑडियो सिस्टम की व्यवस्था के प्रस्ताव शामिल हैं। संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रस्ताव समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं और अस्पतालों में स्वच्छता तथा मरीज सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इन फैसलों से आरएनटी अस्पताल समूह में चिकित्सा सुविधाओं का दायरा बढ़ेगा और मरीजों को अधिक राहत मिलेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *