उदयपुर में गर्मी, कुंभलगढ़ में बिजली गिरने से चरवाहे समेत 16 बकरियों की मौत
Share
उदयपुर/राजसमंद, 4 मई: भीषण गर्मी के बीच सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली, लेकिन यह बदलाव एक दर्दनाक हादसे के साथ आया। राजसमंद जिले के कुंभलगढ़ क्षेत्र के बरडाया गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक किशोर चरवाहे और उसकी 16 बकरियों की मौत हो गई। इधर, उदयपुर में सोमवार को भीषण गर्मी का असर सुबह से ही नजर आया। दोपहर तक तापमान 39 डिग्री तक पहुंच गया। गर्म हवाओं से बचने के लिए लोग चेहरा ढंककर और छांव का सहारा लेते दिखे। प्रशासन ने राहत के लिए शहर में ठंडे पानी के कैम्पर भी लगाए हैं।
केलवाड़ा थानाधिकारी मनमंथ आढ़ा के अनुसार मृतक मदन (16) पुत्र पप्पू लाल गमेती तालाब के पास बकरियां चरा रहा था। दोपहर करीब 3 बजे बारिश शुरू होने पर वह महुआ के पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। इसी दौरान पेड़ पर बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर एसडीएम साक्षी पुरी, तहसीलदार पर्वत सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है।
आमेट में तेज हवा के साथ बारिश
दोपहर बाद राजसमंद के रेलमगरा आमेट सहित कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। रेलमगरा में एक नीम का पेड़ कार पर गिर गया और बिजली तार टूटने से आपूर्ति बाधित हो गई। हालांकि बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले दिनों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
