LOADING

Type to search

चित्तौड़गढ़ दुर्ग के संग्रहालय में डिजिटल तकनीक से दिखेगा इतिहास

Rajasthan

चित्तौड़गढ़ दुर्ग के संग्रहालय में डिजिटल तकनीक से दिखेगा इतिहास

Share

डेढ़ करोड़ रुपए से हो रहा आधुनिकीकरण, मीरा-पन्ना धाय की गाथाएं लाइट-साउंड और ग्राफिक्स से होंगी प्रदर्शित
चित्तौड़गढ़, 10 नवम्बर:
चित्तौड़गढ़ दुर्ग के फतहप्रकाश महल स्थित राजकीय संग्रहालय में अब पर्यटक इतिहास को डिजिटल तकनीक के माध्यम से भी समझ सकेंगे। संग्रहालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का काम तेजी से चल रहा है। यहां गोबो प्रोजेक्टर, सराउंड साउंड सिस्टम, बड़ी एलईडी स्क्रीन और टच स्क्रीन कियोस्क लगाए जा रहे हैं। करीब डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से हो रहे इस कार्य के पूरा होने पर पर्यटकों को दुर्ग के इतिहास, ऐतिहासिक व्यक्तित्वों और दुर्लभ कलाकृतियों की जानकारी नए अंदाज में मिलेगी।
संग्रहालय अधीक्षक गुलशन कुमार के अनुसार राजस्थान सरकार की वर्ष 2024-25 की बजट घोषणा के तहत प्रदेश के चुनिंदा संग्रहालयों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की योजना बनाई गई थी। इसी के तहत फतहप्रकाश महल संग्रहालय में करीब छह महीने पहले काम शुरू हुआ। संरक्षण, जीर्णोद्धार, रंगरोगन, बिजली और सिविल कार्य के साथ डिजिटल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। काम लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
प्रोजेक्टर और स्क्रीन पर दिखेगा इतिहास
संग्रहालय में चार गोबो प्रोजेक्टर लगाए जा रहे हैं। इनके माध्यम से विशेष कलाकृतियों और स्थानों को रोशनी के जरिए उभारा जाएगा। इसके अलावा 55 इंच की छह एलईडी स्क्रीन पर अस्त्र-शस्त्र, ऐतिहासिक वस्तुओं और चित्तौड़गढ़ के इतिहास से जुड़ी लघु फिल्में दिखाई जाएंगी। करीब 10 टच स्क्रीन कियोस्क भी लगाए जा रहे हैं। इनके जरिए पर्यटक किसी मूर्ति या कलाकृति का चयन कर उसके कालखंड, महत्व और इतिहास की जानकारी स्वयं हासिल कर सकेंगे।
दुर्लभ मूर्तियों के लिए बनेंगी दो गैलरी
जगह की कमी के कारण अब तक कई मूर्तियां संग्रहालय के स्टोर में रखी थीं। इन्हें प्रदर्शित करने के लिए दो नई थीम आधारित गैलरियां तैयार की जा रही हैं। एक गैलरी में ब्रह्मा, विष्णु और महेश से जुड़ी प्रतिमाएं रखी जाएंगी, जबकि दूसरी में सूर्य, गणेश और कुबेर सहित देवी-देवताओं की दुर्लभ मूर्तियां प्रदर्शित होंगी।
मीरा और पन्ना धाय की गाथाओं को मिलेगा नया रूप
मीरा और पन्ना धाय के जीवन प्रसंगों को अलग थीम क्षेत्र में लाइट, साउंड और विनाइल ग्राफिक्स के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ संग्रहालय में करीब 160 फोकस लाइटें, क्लॉक रूम, आधुनिक टिकट काउंटर और रिसेप्शन तैयार किए जा रहे हैं। राजदरबार में पारंपरिक अराइश और चूने का काम भी कराया जा रहा है। फतहप्रकाश महल का निर्माण 1890 में शुरू हुआ था। यहां हर साल करीब तीन से चार लाख पर्यटक आते हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *