आईआईएम उदयपुर का पहला कार्यकारी एमबीए दीक्षांत समारोह, 165 विद्यार्थियों को मिली उपाधि
Share
अमिया भूषण को शैक्षणिक उत्कृष्टता का स्वर्ण पदक, निदेशक बोले—डिग्री नहीं, नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है
उदयपुर, 20 जुलाई: भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) उदयपुर ने अपने कार्यकारी एमबीए (Executive MBA) कार्यक्रम का पहला दीक्षांत समारोह आयोजित कर 165 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं। समारोह में चंबल फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अभय बैजल मुख्य अतिथि रहे, जबकि आईआईएम उदयपुर के निदेशक प्रो. अशोक बनर्जी ने स्नातकों को भविष्य के नेतृत्व के लिए प्रेरित किया।
समारोह का मुख्य आकर्षण अमिया भूषण को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए आईआईएम उदयपुर शैक्षणिक उत्कृष्टता पुरस्कार एवं स्वर्ण पदक प्रदान किया जाना रहा।
अपने संबोधन में प्रो. अशोक बनर्जी ने कहा कि डिग्री किसी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में सत्यनिष्ठा, सहानुभूति और उत्तरदायित्व आधारित नेतृत्व की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य अतिथि अभय बैजल ने कहा कि एआई निर्णय प्रक्रिया को बेहतर बना सकती है, लेकिन मानवीय संवेदनाएं, विवेक और परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की क्षमता का कोई विकल्प नहीं है। कार्यक्रम के समापन पर डीन (प्रोग्राम्स) प्रो. विजयता दोशी ने स्नातकों से नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ नेतृत्व करने तथा संस्थान के ब्रांड एम्बेसडर के रूप में जुड़े रहने का आह्वान किया।
