LOADING

Type to search

अवैध जल कनेक्शन ईमानदार उपभोक्ताओं के साथ अन्याय : विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़

political

अवैध जल कनेक्शन ईमानदार उपभोक्ताओं के साथ अन्याय : विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़

Share

नाथद्वारा/राजसमंद, 1 जुलाई: नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने क्षेत्र में मुख्य पेयजल लाइनों पर हो रहे अवैध कनेक्शनों को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि जो लोग नियमित रूप से जल शुल्क का भुगतान कर वैध कनेक्शन के माध्यम से पानी प्राप्त कर रहे हैं, उनके अधिकारों का हनन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। कुछ लोगों द्वारा चोरी से लिए जा रहे अवैध कनेक्शन पूरे वितरण तंत्र को प्रभावित करते हैं, जिससे वैध उपभोक्ताओं तक पर्याप्त दबाव और मात्रा में पानी नहीं पहुंच पाता। यह उनके साथ सीधा अन्याय है।
हाल ही में खमनोर क्षेत्र में पेयजल परियोजना का संचालन एवं संधारण कर रही एजेंसी द्वारा पुलिस को दी गई रिपोर्ट में मुख्य पेयजल लाइन से अवैध कनेक्शन लेकर पानी की चोरी किए जाने की जानकारी दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, जब कंपनी के कर्मचारियों ने ऐसे अवैध कनेक्शनों को हटाने का प्रयास किया, तब उनके साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और धमकाने जैसी घटनाएं भी सामने आईं।
विधायक श्री मेवाड़ ने कहा कि जल जीवन मिशन के साथ साथ वे स्वयं भी अपने विधायक निधि तथा अन्य उपलब्ध सरकारी मदों के माध्यम से क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने, नई पाइपलाइन, टंकियों एवं आवश्यक जल संरचनाओं के विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं, ताकि प्रत्येक परिवार को निर्बाध पेयजल उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि यदि कुछ लोग अवैध तरीके से पानी लेते हैं, तो उसका नुकसान अंततः उन हजारों परिवारों को उठाना पड़ता है जो नियमों का पालन करते हुए जल शुल्क का भुगतान कर रहे हैं। इसलिए यह केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि ईमानदार उपभोक्ताओं के अधिकारों पर भी सीधा प्रहार है।
श्री मेवाड़ ने आमजन से अपील की कि जल जैसी अमूल्य संपदा के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाएं, अवैध कनेक्शन न लें और यदि कहीं ऐसी गतिविधि दिखाई दे तो संबंधित विभाग को इसकी सूचना दें। उन्होंने प्रशासन से भी अनुरोध किया कि अवैध जल कनेक्शनों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि वैध उपभोक्ताओं के हित सुरक्षित रहें और सभी को समान रूप से पेयजल उपलब्ध हो सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *