LOADING

Type to search

आईपीएल सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार

Local

आईपीएल सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार

Share

प्रतापगढ़ में फार्महाउस से चल रहा था ऑनलाइन खेल, 12.75 करोड़ के लेन-देन का खुलासा
प्रतापगढ़, 9 अप्रैल:
आईपीएल मैचों पर सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतापगढ़ पुलिस ने एक संगठित ऑनलाइन सट्टा रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि जांच में करीब 12 करोड़ 75 लाख रुपए के लेन-देन का खुलासा हुआ है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर के सर्वोदय स्कूल के पास एक फार्महाउस में आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर दबिश दी। फार्महाउस के एक बड़े हॉल में आरोपी लैपटॉप और मोबाइल फोन के जरिए सट्टा संचालित करते मिले। पुलिस को देखते ही उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया गया।
वेबसाइट के जरिए चल रहा था नेटवर्क
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिछले 8 से 10 दिनों से सक्रिय थे और ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम से ग्राहकों को सट्टेबाजी की आईडी उपलब्ध कराते थे। ग्राहक इन आईडी के जरिए पॉइंट्स पर दांव लगाते थे। लेन-देन डिजिटल माध्यमों जैसे फोनपे आदि के जरिए किया जा रहा था।
जांच में यह भी सामने आया कि पूरे नेटवर्क का संचालन अंकित डोशी नामक व्यक्ति कर रहा था, जो मौके पर मौजूद नहीं था और सीसीटीवी के जरिए पूरे संचालन की निगरानी कर रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
भारी मात्रा में उपकरण जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 6 लैपटॉप, 38 मोबाइल फोन और 48 सिम कार्ड बरामद किए। इसके अलावा वाई-फाई डिवाइस, सीसीटीवी कैमरा, एटीएम कार्ड, चार्जर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पांच लाल डायरियां और एक रजिस्टर भी जब्त किया गया है। जब्त दस्तावेजों और डिजिटल डेटा की जांच में अक्टूबर 2025 से अप्रैल 2026 के बीच 12.54 करोड़ रुपए से अधिक के लेन-देन का विस्तृत रिकॉर्ड मिला है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023, आरपीजीओ एक्ट और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *