महिला पर हमला करने वाला लेपर्ड पिंजरे में कैद
Share
5 दिन से दहशत में थे ग्रामीण, रेस्क्यू कर सज्जनगढ़ अभयारण्य भेजा गया
उदयपुर, 9 मई: उदयपुर के उपली बड़ी क्षेत्र में महिला पर जानलेवा हमला करने वाला लेपर्ड आखिरकार वन विभाग के लगाए पिंजरे में कैद हो गया। रेस्क्यू के बाद उसे सज्जनगढ़ अभयारण्य शिफ्ट किया गया। लेपर्ड के आतंक से पिछले पांच दिनों से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था।
पांच दिन पहले गमेती बस्ती निवासी भूरी बाई (52) पत्नी बंशीलाल गमेती रात करीब 2 बजे घर के बाहर आंगन में निकली थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे लेपर्ड ने उन पर हमला कर दिया। लेपर्ड ने महिला के चेहरे और गर्दन पर झपट्टा मारते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया।
महिला की चीख सुनकर लेपर्ड जंगल की ओर भाग गया, लेकिन अस्पताल ले जाने पर महिला की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए थे। विरोध बढ़ने के बाद विभाग ने इलाके में पिंजरा लगाया। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने लेपर्ड को पिंजरे में कैद देखा। वन विभाग ने लोगों से अब भी सतर्क रहने और रात में अकेले बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
