चस्का बार रेस्टोरेंट में वकीलों पर जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार
Share
सवीना पुलिस की कार्रवाई; लोहे की सरिया और बोतलों से किया था हमला, सोशल मीडिया पर अशोभनीय टिप्पणी करने वाला भी पकड़ा
उदयपुर, 3 अक्टूबर: सवीना थाना पुलिस ने सेक्टर-11 स्थित चस्का बार रेस्टोरेंट में दो अधिवक्ताओं पर लोहे की सरिया और बोतलों से जानलेवा हमला करने के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में पुलिस की ओर से आगे जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार 30 सितंबर 2026 को अधिवक्ता निलेश शर्मा और अनिल मीणा सेक्टर-11 स्थित चस्का रेस्टोरेंट में बर्थडे पार्टी की बुकिंग कराने गए थे। काउंटर पर बातचीत के दौरान कुछ लोग तेज आवाज में बात कर रहे थे। अधिवक्ता अनिल मीणा ने उन्हें धीमी आवाज में बात करने के लिए कहा तो विवाद हो गया। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए अचानक अनिल मीणा पर लोहे की सरिया और बोतलों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए निलेश शर्मा के साथ भी मारपीट की गई।
इस संबंध में सवीना थाने में प्रकरण संख्या 346/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 115(2), 189(2) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(वी) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने मामले में चमन सिंह (31), देवेंद्र उर्फ छोटू (32) और मनोज (28) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार चमन सिंह के खिलाफ सवीना और गोवर्धनविलास थानों में आबकारी अधिनियम, मारपीट और जुआ अधिनियम के तहत पहले से छह मामले दर्ज हैं। देवेंद्र उर्फ छोटू के खिलाफ सुखेर थाने में जुआ अधिनियम का मामला दर्ज है, जबकि मनोज के खिलाफ हिरणमगरी थाने में मारपीट का प्रकरण दर्ज है।
वकीलों पर हमले पर सोशल मीडिया में अशोभनीय टिप्पणी, आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर, 3 अक्टूबर: चस्का बार रेस्टोरेंट में अधिवक्ताओं पर हुए हमले की घटना को लेकर सोशल मीडिया पर अशोभनीय एवं उकसाने वाली टिप्पणी करने के मामले में भी सवीना थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घटना के बाद एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस संबंध में सवीना थाने में प्रकरण संख्या 349/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता के आधार पर कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी चंदन सिंह (23), निवासी खेड़ा सर्कल के पास, सवीना को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ एवं मामले में आगे अनुसंधान जारी है।

