संस्कारों से ही सुधरेगा जीवन: डॉ. जिनेंद्र शास्त्री
Share
जैन सोशल ग्रुप लोटस का स्नेह मिलन, फोल्डर डायरेक्टरी व ‘जल बचाओ’ पोस्टर का विमोचन
उदयपुर, 26 अप्रैल: जैन सोशल ग्रुप लोटस उदयपुर के तत्वावधान में चित्रकूट नगर स्थित जैन संस्थान मादेरिया सभागार में सपरिवार स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. जिनेंद्र शास्त्री ने कहा कि यदि हमारा “समाधि मरण” सुधारना है तो बच्चों और युवाओं में संस्कार देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने परिवार को संस्कारों की पहली पाठशाला बताते हुए कहा कि सकारात्मक वातावरण से ही आने वाली पीढ़ी नैतिक मूल्यों को अपनाती है।
संस्कारों से सशक्त समाज का निर्माण
डॉ. शास्त्री ने ‘कमल’ के प्रतीक के माध्यम से समझाया कि विपरीत परिस्थितियों में भी शुद्धता और श्रेष्ठ आचरण बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने समाज में सेवा, सद्भाव और संस्कारों के प्रसार का आह्वान किया। कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों द्वारा फोल्डर डायरेक्टरी और ‘जल बचाओ’ पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
संगठन की भूमिका सराहनीय: मंडोत
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. अरुण मंडोत ने जैन सोशल ग्रुप के सामाजिक, चिकित्सा और आर्थिक क्षेत्रों में योगदान की सराहना की। उन्होंने इसे समाज को जोड़ने और जरूरतमंदों की सहायता का मजबूत माध्यम बताया।
संगीत संध्या ने बांधा समां
कार्यक्रम में कलाकार ऋषि राज, अजयसिंह, नयेनश दवे, कमलेश कुमावत, वीनू और रश्मि कौर ने गीत-ग़ज़लों की प्रस्तुतियों से माहौल को संगीतमय बना दिया। श्रोताओं ने तालियों की गूंज के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में अध्यक्ष इंजीनियर सी.पी. जैन, संस्थापक अध्यक्ष राजमल कोठारी, सचिव आर.के. नलवाया सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
