निराश्रित दिवंगत आत्माओं के लिए श्राद्ध करेगी महाराणा प्रताप सेना
Share
उदयपुर, 9 अक्टूबर: महाराणा प्रताप सेना सर्वपितृ अमावस्या पर 10 अक्टूबर को सुबह 9 बजे कृष्णपुरा स्थित गवरी चौक हनुमान मंदिर में निराश्रित दिवंगत आत्माओं की शांति एवं मोक्ष के लिए श्राद्ध, कन्या पूजन और प्रसादी का आयोजन करेगी। जिला प्रचार-प्रसार प्रभारी राजेश सोनी ने बताया कि सेना वर्षों से लावारिस एवं निराश्रित शवों का विधि-विधान से अंतिम संस्कार कर रही है। अंतिम संस्कार के बाद अस्थियां एकत्र कर हरिद्वार में विसर्जित की जाती हैं। सर्वपितृ अमावस्या पर इन दिवंगतों की आत्मशांति के लिए श्राद्ध और कन्या भोज किया जाता है। संस्थापक मोहन सिंह राठौड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ता सेवा परंपरा निभा रहे हैं। सेना ने आमजन से आयोजन में शामिल होकर दिवंगत आत्माओं के लिए प्रार्थना करने का आह्वान किया है।

