उदयपुर के तीन कबड्डी खिलाड़ी राजस्थान टीम के प्रशिक्षण शिविर में चयनित
Share
उदयपुर, 9 अक्टूबर: उदयपुर के तीन जूनियर कबड्डी खिलाड़ियों का राजस्थान राज्य जूनियर पुरुष कबड्डी टीम के प्रशिक्षण शिविर के लिए चयन हुआ है। जिला कबड्डी संघ के सचिव मुकेश जैन ने बताया कि देव गुर्जर, जय गुप्ता और लोकेश पटेल 10 से 30 अक्टूबर तक जयपुर के चौगान स्टेडियम में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। राजस्थान राज्य कबड्डी संघ द्वारा आयोजित शिविर के बाद चयनित टीम पंजाब के होशियारपुर में 1 से 4 नवंबर तक होने वाली राष्ट्रीय जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेगी। तीनों खिलाड़ियों के चयन पर जिला कबड्डी संघ अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खनुजा, आयोजन सचिव जालमचंद जैन, उदयपुर जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष विनोद साहू, भाजपा नेता प्रमोद सामर, संयुक्त सचिव श्यामसुंदर शर्मा सहित खेलप्रेमियों ने बधाई दी।
ऑल स्टार्स को हराकर एक्सेलेयर क्लब ने जीता मुकाबला
उदयपुर, 9 अक्टूबर: दिव्यांगों के सहायतार्थ ऑल स्टार्स इनविटेशन कप-2026 के पहले दिन फील्ड क्लब मैदान पर दो मुकाबले हुए। पहले मैच में एक्सेलेयर क्लब ने ऑल स्टार्स को 8 विकेट से हराया। ऑल स्टार्स ने 20 ओवर में 139 रन बनाए। ईशान प्रताप ने नाबाद 67 और सिद्धराज सिंह सोलंकी ने नाबाद 27 रन बनाए। जवाब में एक्सेलेयर ने 15 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। कार्तिक नाहर ने नाबाद 51 और पंकज कुमार ने 33 रन बनाए। कार्तिक मैन ऑफ द मैच रहे। दूसरे मुकाबले में फील्ड क्लब ने मेयो कॉलेज को 23 रन से हराया। फील्ड क्लब ने 161 रन बनाए, जबकि मेयो कॉलेज 19.5 ओवर में 138 रन पर ऑलआउट हो गया। निशांत कच्छावा ने 51 रन और 4 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता।

