भदेसर में सीबीएन की बड़ी कार्रवाई, कंटेनर से ढाई टन डोडा-चूरा जब्त
Share
123 बोरों में मिली 2498 किलो अवैध खेप, पीछा करने पर ट्रक छोड़कर फरार हुआ तस्कर
चित्तौड़गढ़, 7 जुलाई: केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) ने चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब ढाई टन अवैध डोडा-चूरा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान तस्कर अधिकारियों को चकमा देकर कंटेनर छोड़कर फरार हो गया। बरामद खेप की अनुमानित कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
सीबीएन को सूचना मिली थी कि राजस्थान नंबर का एक कंटेनर ट्रक भदेसर मार्ग से भारी मात्रा में डोडा-चूरा लेकर गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर कोटा यूनिट ने निगरानी शुरू की। अधिकारियों ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। पीछा करते समय चेतावनी के तौर पर एक राउंड फायर भी किया गया।
कुछ दूरी पर चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सुरक्षा कारणों से वाहन को सीबीएन कार्यालय कोटा ले जाकर तलाशी ली गई, जहां 123 बोरों में कुल 2498.960 किलोग्राम डोडा-चूरा मिला। सीबीएन ने ट्रक और अवैध माल जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अब एजेंसी इस बात की जांच कर रही है कि खेप कहां से लाई गई और किस तस्करी नेटवर्क तक पहुंचाई जानी थी।
