वीबी-जी राम-जी योजना पर उठे सवाल, ऑनलाइन 84 श्रमिक तो मौके पर मिले केवल 34
Share
ग्रामीणों ने कार्य की गुणवत्ता पर भी जताई नाराजगी, जांच की मांग तेज
उदयपुर, 7 जुलाई: केंद्र सरकार की विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) योजना (वीबी-जी राम-जी) के तहत उदयपुर जिले की वल्लभनगर पंचायत समिति क्षेत्र की ढावा ग्राम पंचायत में कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने ऑनलाइन दर्ज श्रमिकों की संख्या और कार्यस्थल पर मौजूद श्रमिकों की वास्तविक संख्या में भारी अंतर होने के साथ निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। इससे योजना के क्रियान्वयन की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
ग्रामीणों के अनुसार सरजणा बांध की पाल पर चल रहे कार्य को लेकर लगातार शिकायतें मिलने पर वार्ड पंच प्रकाश डांगी, रमेश डांगी, प्रकाशचंद्र डांगी, शिवलाल डांगी और जीवन गमेती सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान ऑनलाइन पोर्टल पर 84 श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज मिली, जबकि स्थल पर केवल 34 श्रमिक कार्य करते पाए गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि कार्य भी निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा और केवल खानापूर्ति की जा रही है। मौके पर मौजूद मेट शंकरलाल मेघवाल और शंकरलाल गायरी से जानकारी लेने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद पंचायत के इंजीनियर अजय सिंह गुर्जर और पंचायत कर्मी गोविंद प्रजापत को पूरे मामले की सूचना दी गई। अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
